कारोबार

रिपोर्ट में दावा- फ्रॉड चार्जेज हटने से पहले Donald Trump के बेटे से हुई थी Gautam Adani की मीटिंग, आज ग्रुप के शेयरों में तेजी

Adani AGM 2026: अडानी ग्रुप आज सालाना जनरल मीटिंग आयोजित कर रहा है। इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका द्वारा फ्रॉड चार्जेज हटाने से पहले गौतम अडानी की ट्रंप जूनियर के साथ बैठक हुई थी।
3 min read
Jun 24, 2026
Adani Enterprises
Adani Enterprises के शेयर में तेजी देखी जा रही है। (PC: AI)

Adani GroupShare Price: अडानी ग्रुप के चेयरमैन और दिग्गज कारोबारी गौतम अडानी का आज जन्मदिन है। वे 64 साल के हो गए हैं। साथ ही आज अडानी ग्रुप की एनुअल जनरल मीटिंग भी हो रही है। ग्रुप के फ्लैगशिप शेयर अडानी एंटरप्राइजेज में भी आज अच्छी-खासी खरीदारी देखी जा रही है। इस बीच गौतम अडानी को लेकर एक खबर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में अडानी पर फ्रॉड केस चार्जेज हटाए जाने से पहले ट्रंप जूनियर की गौतम अडानी के साथ बैठक हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, यह अनडिस्क्लोज मीटिंग अहमदाबाद में हुई थी।

नवंबर में भारत आए थे जूनियर ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति के सबसे बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर पिछले साल नवंबर में भारत आए थे। वे एक शादी अटेंड करने और वाइल्ड लाइफ सेंचुरी टूर के लिए भारत आए थे। इस दौरान उन्होंने गौतम अडानी के साथ प्राइवेट मीटिंग की थी। इसके बाद अमेरिकी न्याय विभाग ने मई 2026 में गौतम अडानी के खिलाफ लगे रिश्वत और धोखाधड़ी के सभी आपराधिक आरोप स्थायी रूप से वापस ले लिये थे। अमेरिकी न्याय विभाग ने पर्याप्त सबूत न मिलने और स्पष्ट अमेरिकी संबंध न होने का हवाला देते हुए ये आरोप हटाए थे। बता दें कि आज अडानी ग्रुप की एजीएम भी हो रही है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट से पहले इस बैठक के बारे में कोई चर्चा नहीं हुई थी। इस मुलाकात से लगभग एक साल पहले अमेरिकी अभियोजकों ने 63 वर्षीय अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी और उनके भतीजे सागर अडानी पर भारत में कथित रिश्वतखोरी की साजिश रचने का आरोप लगाया था। हालांकि, दोनों ने लगातार इन आरोपों से इनकार किया है।

अडानी ग्रुप के शेयरों का हाल

  • अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के शेयर आज 3000 रुपये को पार कर गया है। सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर बीएसई पर यह शेयर 2.12 फीसदी या 62 रुपये की बढ़त के साथ 3026 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। कारोबार के दौरान यह 3034.35 रुपये तक गया।
  • अडानी पोर्ट्स के शेयर में भी शुरुआती कारोबार में अच्छी तेजी देखने को मिली। यह मंगलवार को 1783.10 रुपये पर बंद हुआ था। शुरुआती कारोबार में यह उछलकर 1804 रुपये पर जा पहुंचा।
  • अडानी ग्रीन एनर्जी में भी मामूली तेजी देखने को मिली। यह शेयर मंगलवार के 1511.70 रुपये के बंद भाव के मुकाबले आज सुबह 1531 रुपये पर ट्रेड करता दिखा।
  • अडानी एनर्जी सोल्यूशंस का शेयर शुरुआती कारोबार में मामूली तेजी के साथ ट्रेड करता दिखा। यह 0.22 फीसदी या 3.25 रुपये बढ़कर 1497 रुपये पर आ गया।
  • अडानी टोटल गैस का शेयर भी मंगलवार के बंद भाव 716.25 रुपये की तुलना में बढ़त के साथ 726 रुपये पर ट्रेड करता दिखाई दिया।
  • वहीं, अडानी पावर के शेयर में गिरावट देखी जा रही है। यह बुधवार सुबह 1.16 फीसदी या 2.70 रुपये की गिरावट के साथ 230.20 रुपये पर ट्रेड करता दिखा।

अडानी पर क्या लगे थे आरोप?

अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड को साल 2022 से 2024 तक भारत के कई राज्यों में सोलर प्रोजेक्ट्स मिले थे। इन्हीं प्रोजेक्ट्स के आधार पर अडानी ग्रुप ने अमेरिकी निवेशकों से पैसा उठाया था। अमेरिकी सिक्योरिटी एक्सचेंज ने आपोप लगाया था कि अडानी ने इन सोलर प्रोजेक्ट्स को हासिल करने के लिए भारत में सरकारी अधिकारियों को करीब 2.5 हजार करोड़ रुपये की रिश्वत दी।

18 मिलियन डॉलर का जुर्माना और 10 अरब डॉलर के निवेश का वादा

अमेरिकी सिक्योरिटी एक्सचेंज द्वारा दायर किये गए इस मुकदमे को खत्म करने के लिए गौतम अडानी और सागर अडानी ने कुल 18 मिलियन डॉलर यानी करीब 172 करोड़ रुपये जुर्माना भरा है। इसके अलावा, अडानी ग्रुप ने अमेरिका में 10 अरब डॉलर के निवेश का वादा भी किया है। इससे अमेरिका में करीब 15 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।

Updated on:
24 Jun 2026 01:41 pm
Published on:
24 Jun 2026 12:10 pm