कारोबार

Monthly Budget Planning: 50 हजार से लेकर 5 लाख रुपये तक है आपकी सैलरी तो कैसे बनाएं मंथली बजट? जानें सही तरीका

Monthly Budget: हर महीने सैलरी मिलने पर जरूरी खर्च, EMI, बीमा, इमरजेंसी फंड और निवेश के बीच सही संतुलन बनाना जरूरी है। 50/30/20 का नियम हर परिवार के लिए उपयुक्त नहीं है। बजट बनाते समय कमाई, कर्ज और पारिवारिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
4 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 12:27 PM IST
Monthly Budget Planning
50/30/20 का नियम हर परिवार के लिए सही नहीं है। (PC: AI)

हर महीने सैलरी आते ही सबसे बड़ा सवाल होता है कि मिले हुए पैसों का बेहतर तरीके से कैसे इस्तेमाल करें। सबसे पहले घर का खर्च चलाएं, लोन की EMI भरें, इमरजेंसी फंड तैयार करें या निवेश शुरू करें? इसका कोई एक तय जवाब नहीं है। यह आपकी कमाई, परिवार की जिम्मेदारियों, कर्ज और भविष्य के आर्थिक लक्ष्यों पर निर्भर करता है। फाइनेंशियल प्लानर्स का मानना है कि मंथली बजट के लिए किसी एक तय नियम का पालन करने के बजाय अपनी जरूरतों के हिसाब से बजट बनाना चाहिए। सबसे पहले जरूरी खर्च और EMI का इंतजाम करें। इसके बाद बीमा और इमरजेंसी फंड के लिए पैसे अलग रखें। अंत में तय करें कि निवेश और अपनी इच्छाओं पर कितना खर्च किया जा सकता है।

क्या 50/30/20 का नियम कारगर है?

पर्सनल फाइनेंस में 50/30/20 का नियम काफी लोकप्रिय है। इसके तहत कुल कमाई का 50% जरूरी खर्चों, 30% अपनी इच्छाओं पर और 20% बचत व कर्ज चुकाने के लिए रखने की सलाह दी जाती है। हालांकि, यह फॉर्मूला हर व्यक्ति और परिवार के लिए सही नहीं हो सकता। आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के डायरेक्टर और हेड (प्रेफर्ड) थॉमस स्टीफन के मुताबिक, 50/30/20 का नियम एलिजाबेथ वॉरेन और अमेलिया वॉरेन टायगी की 2005 में प्रकाशित किताब 'ऑल योर वर्थ' में दिया गया था। इसे अमेरिकी परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था।

उनका कहना है कि यह बजट बनाने की शुरुआत के लिए अच्छा तरीका है, लेकिन कम या बहुत ज्यादा कमाई करने वाले लोगों के लिए यह हमेशा कारगर नहीं होता। यह नियम हर आय वर्ग के लोगों की जरूरतों के हिसाब से उपयुक्त नहीं है। सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह के अनुसार, सैलरी को किसी एक तय फॉर्मूले में बांटने के बजाय खर्चों की प्राथमिकता तय करनी चाहिए। पहले जरूरी खर्च और EMI चुकाएं। इसके बाद आर्थिक सुरक्षा और बचत पर ध्यान दें। आखिर में अपनी दूसरी जरूरतों और शौक पर खर्च का बजट बनाएं।

मंथली सैलरी को किस तरह बांटें?

अलग-अलग कमाई और पारिवारिक जिम्मेदारियों के आधार पर मंथली बजट भी अलग हो सकता है। आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स ने अलग-अलग आय वर्ग के लोगों के लिए एक उदाहरण दिया है। इसमें जरूरी खर्च, EMI, निजी खर्च, इमरजेंसी फंड और निवेश के लिए रकम तय की गई है।

मासिक सैलरीजरूरी खर्चEMIनिजी खर्चइमरजेंसी बचतनिवेश
₹50,00060% (₹30,000)0%15% (₹7,500)10% (₹5,000)15% (₹7,500)
₹80,00052% (₹41,600)10% (₹8,000)12% (₹9,600)10% (₹8,000)16% (₹12,800)
₹1 लाख55% (₹55,000)12% (₹12,000)10% (₹10,000)8% (₹8,000)15% (₹15,000)
₹2 लाख32% (₹64,000)30% (₹60,000)13% (₹26,000)5% (₹10,000)20% (₹40,000)
₹3 लाख28% (₹84,000)25% (₹75,000)15% (₹45,000)5% (₹15,000)27% (₹81,000)
₹5 लाख22% (₹1,10,000)20% (₹1,00,000)18% (₹90,000)5% (₹25,000)35% (₹1,75,000)

यह बजट अलग-अलग आय और पारिवारिक जिम्मेदारियों वाले लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें निम्न स्थितियां मानी गई हैं:

50,000 रुपये सैलरी: मेट्रो शहर में किराए के मकान में रहने वाला व्यक्ति, जिस पर परिवार के एक सदस्य की जिम्मेदारी है।
80,000 रुपये सैलरी: मेट्रो शहर में किराए के मकान में रहने वाला व्यक्ति, जिस पर दो डिपेंडेंट मेंबर्स की जिम्मेदारी है। कार या पर्सनल लोन की EMI 8,000 रुपये है।
1 लाख रुपये सैलरी: मेट्रो शहर में किराए के मकान में रहने वाला व्यक्ति, जिस पर दो डिपेंडेंट मेंबर्स की जिम्मेदारी है। कार या पर्सनल लोन की EMI 12,000 रुपये है।
2 लाख, 3 लाख और 5 लाख रुपये सैलरी: इन तीनों उदाहरणों में मेट्रो शहर में रहने वाले ऐसे परिवार को शामिल किया गया है, जिसमें 2 डिपेंडेंट सदस्य हैं। होम लोन की EMI क्रमशः 60,000 रुपये, 75,000 रुपये और 1 लाख रुपये मानी गई है।

जरूरी खर्चों में घर का किराया, राशन, बिजली-पानी के बिल, आने-जाने का खर्च, बच्चों की फीस, परिवार के डिपेंडेंट मेंबर्स पर होने वाला खर्च और नियमित बीमा प्रीमियम शामिल हैं। वहीं, इमरजेंसी फंड के लिए तय रकम हर महीने की बचत है, जिससे धीरे-धीरे आर्थिक सुरक्षा के लिए फंड तैयार किया जाता है। इसमें अतिरिक्त बीमा खर्च को भी शामिल किया जा सकता है। जब इमरजेंसी फंड जरूरत के मुताबिक तैयार हो जाए, तो इसके लिए रखी जाने वाली रकम को निवेश में लगाया जा सकता है।

जरूरी खर्च और EMI के बाद किस चीज को दें प्राथमिकता?

हर महीने के जरूरी खर्च और ईएमआई चुकाने के बाद बची रकम का सही इस्तेमाल करना भी जरूरी है। ऐसे में सवाल उठता है कि पहले इमरजेंसी फंड बनाएं, बीमा लें, कर्ज चुकाएं या निवेश शुरू करें। फाइनेंशियल प्लानर्स के अनुसार, सबसे पहले हेल्थ इंश्योरेंस और टर्म इंश्योरेंस को प्राथमिकता देनी चाहिए। अगर परिवार में कोई अचानक बीमार पड़ जाए या कमाने वाले सदस्य की मृत्यु हो जाए और पर्याप्त बीमा सुरक्षा न हो, तो पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है।

6 से 9 महीने के खर्च के बराबर बनाएं इमरजेंसी फंड

इसके साथ ही इमरजेंसी फंड बनाना भी शुरू कर देना चाहिए। कोशिश करें कि इसमें इतना पैसा जमा हो जाए, जिससे परिवार के 6 से 9 महीने के जरूरी खर्च पूरे किए जा सकें। इस रकम को ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां जरूरत पड़ने पर आसानी से निकाला जा सके। इसके अलावा ज्यादा ब्याज वाले कर्ज को जल्द चुकाना जरूरी है। खासकर क्रेडिट कार्ड का बकाया लंबे समय तक रखने से बचें। इस पर लगने वाला ब्याज कई बार निवेश से मिलने वाले संभावित रिटर्न से भी ज्यादा हो सकता है। इन बातों को पूरा करने के बाद लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट पर ध्यान देना चाहिए। इसके लिए हर महीने नियमित रूप से निवेश की रकम अलग रखी जा सकती है।

कुल मिलाकर, सैलरी आते ही उसे खर्च करने या निवेश करने की जल्दबाजी न करें। पहले अपनी जरूरतों और जिम्मेदारियों का आकलन करें। जरूरी खर्च, EMI, बीमा और इमरजेंसी फंड का इंतजाम करने के बाद ही निवेश और निजी खर्च का बजट तय करें। आपकी कमाई और जिम्मेदारियों के साथ यह योजना भी बदलती रहनी चाहिए।

Updated on:
18 Nov 2026, 12:27 PM IST
Published on: