कारोबार

IPO Market News: सेबी ने दी इन 3 कंपनियों को आईपीओ की मंजूरी, जानिए डिटेल

SEBI: तीन प्रमुख कंपनियां पब्लिक इश्यू के जरिए पूंजी जुटाएंगी। ट्रैवलस्टैक टेक, लर्नफ्लुएंस एजुकेशन और टी पोस्ट को IPO लाने की मंजूरी मिली है।

2 min read
Mar 17, 2026
onemi technology solutions share price list stock market
OnEMI Technology Solutions के शेयरों ने लिस्टींग होते ही तेज शुरुआत की। फोटो: एआई

भारत के पूंजी बाजार में नई कंपनियों की एंट्री का सिलसिला जारी है। हाल के महीनों में कई स्टार्टअप और उभरती कंपनियां IPO के जरिए निवेशकों से पूंजी जुटाने की तैयारी कर रही हैं। इसी क्रम में SEBI ने तीन कंपनियों को IPO लाने की मंजूरी दे दी है, जिससे वे शेयर बाजार से फंड जुटा सकेंगी।

घोषणा के अनुसार ट्रैवल टेक कंपनी ट्रैवलस्टैक टेक, शिक्षा क्षेत्र की कंपनी लर्नफ्लुएंस एजुकेशन और टी कैफे चेन टी पोस्ट को सार्वजनिक निर्गम के माध्यम से पूंजी जुटाने की अनुमति मिल गई है।

ट्रैवलस्टैक टेक IPO दे रहा आंशिक हिस्सेदारी

ट्रैवल टेक क्षेत्र में काम करने वाली ट्रैवलस्टैक टेक का IPO कुल 250 करोड रुपये के नए शेयर जारी करने और प्रमोटर्स द्वारा 2,68,52,969 इक्विटी शेयरों की बिक्री का संयोजन होगा। कंपनी के प्रमोटर वैभव अग्रवाल और आदर्श मनपुरिया इस ऑफर फॉर सेल के तहत अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचेंगे।

इसके अलावा कई बड़े निवेशक भी इस ऑफर में अपने शेयर बेचेंगे। इनमें अनुपम मित्तल, एक्सेल इंडिया IV मॉरिशस लिमिटेड, ग्लोबल प्राइवेट अपॉर्च्युनिटीज पार्टनर्स II LP, पैंथेरा ग्रोथ फंड II VCC, पीजीपी इंडिया ग्रोथ फंड I और क्वालकॉम एशिया पैसिफिक प्राइवेट लिमिटेड जैसे निवेशक शामिल हैं।

कंपनी नए इश्यू से जुटाए गए फंड में से लगभग 135 करोड रुपये वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए इस्तेमाल करेगी। वहीं करीब 45 करोड रुपये का उपयोग मौजूदा कर्ज के आंशिक या पूर्ण भुगतान के लिए किया जाएगा, जबकि बाकी राशि सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए खर्च की जाएगी।

लर्नफ्लुएंस एजुकेशन IPO

लर्नफ्लुएंस एजुकेशन, जो ‘लक्ष्य’ कोचिंग सेंटर्स का संचालन करती है, अपने IPO के जरिए 246 करोड रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। इसके अलावा 40 लाख इक्विटी शेयरों की ऑफर फॉर सेल भी शामिल होगी।

कंपनी इस पूंजी का उपयोग मुख्य रूप से नए फिजिकल कैंपस स्थापित करने और अपने शिक्षा नेटवर्क का विस्तार करने में करेगी। इसके साथ ही फंड का एक हिस्सा सेल्स और मार्केटिंग गतिविधियों को मजबूत करने में लगाया जाएगा।

इसके अलावा कंपनी अपने मौजूदा कर्ज के भुगतान और पहले से तय किए गए दीर्घकालिक कैंपस के लिए लीज पेमेंट करने में भी इस राशि का उपयोग करेगी। शिक्षा क्षेत्र में बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी अपने ऑफलाइन इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से बढ़ाने की योजना बना रही है।

टी पोस्ट IPO: नए टी कैफे खोलने पर फोकस

टी कैफे चेन टी पोस्ट का IPO भी बाजार में निवेशकों के लिए एक नया विकल्प लेकर आएगा। इस पब्लिक इश्यू में कंपनी 1.43 करोड नए इक्विटी शेयर जारी करेगी, जबकि इतनी ही संख्या में शेयर ऑफर फॉर सेल के जरिए बेचे जाएंगे।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस IPO से जुटाई गई राशि का मुख्य उपयोग नए टी कैफे स्थापित करने और अपने नेटवर्क का विस्तार करने के लिए किया जाएगा। देशभर में तेजी से बढ़ते कैफे कल्चर के बीच कंपनी अपने ब्रांड को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

Published on:
17 Mar 2026 10:57 am