
भारतीय शेयर बाजार आज गिरावट के साथ बंद हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 0.61 फीसदी या 500 अंक की गिरावट के साथ 82,031 पर बंद हुआ है। बाजार बंद होते समय सेंसेक्स पैक के 30 शेयरों में से 8 शेयर हरे निशान पर और 22 शेयर लाल निशान पर थे। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 0.63 फीसदी या 159 अंक की गिरावट के साथ 25,227 पर बंद हुआ है। आइए जानते हैं कि बाजार में गिरावट के बड़े कारण कौन-से हैं।
शेयर बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह ऊंचे स्तरों पर हुई बिकवाली रही। बीते दिनों सेंसेक्स और निफ्टी में अच्छी तेजी आई थी। ऐसे में निवेशकों ने इस मौके का फायदा उठाते हुए अपने शेयर बेचकर मुनाफा निकालना बेहतर समझा। बाजार में जब किसी शेयर या इंडेक्स में कम समय में तेज उछाल आता है, तो निवेशक अक्सर मुनाफा सुरक्षित करने लगते हैं। इसका असर बाजार की चाल पर पड़ता है।
भारतीय बाजार पर विदेशी बाजारों की कमजोरी का भी असर पड़ा। एशियाई बाजारों में कारोबार के दौरान गिरावट देखने को मिली। चीन का शंघाई SSE कंपोजिट और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स लाल निशान में कारोबार करते दिखे। इससे पहले अमेरिकी शेयर बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 1.64% की गिरावट आई, जबकि S&P 500 इंडेक्स 1.03% और नैस्डैक कंपोजिट 0.74% टूटकर बंद हुआ। विदेशी बाजारों में कमजोरी का असर भारतीय निवेशकों के सेंटीमेंट पर भी पड़ा। इससे बाजार में बिकवाली का दबाव बढ़ गया।
मेटल सेक्टर में भी निवेशकों ने जमकर बिकवाली की। निफ्टी मेटल इंडेक्स करीब 2.5% गिर गया। इसकी मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में धातुओं की कीमतों में आई कमजोरी रही। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की आशंका बढ़ने से डॉलर मजबूत हुआ। डॉलर की मजबूती से दूसरी करेंसी में भुगतान करने वाले खरीदारों के लिए धातुओं की कीमत बढ़ जाती है। इससे इनकी मांग पर दबाव पड़ता है।
बाजार को नीचे खींचने में फाइनेंशियल सेक्टर की कमजोरी का भी बड़ा योगदान रहा। दरअसल, नवंबर में फाइनेंशियल सेक्टर करीब 14% चढ़ चुका था। इस तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफा निकालना शुरू कर दिया। सेंसेक्स और निफ्टी में फाइनेंशियल शेयरों का वैटेज अधिक होने के कारण इनकी गिरावट का असर पूरे बाजार पर पड़ा।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)