कारोबार

Swiggy Share Price 28 July: Myntra की पूर्व CEO संभालेंगी Instamart की कमान, इस घोषणा के बाद 5% से ज्यादा उछल गया स्विगी का शेयर

Swiggy Share Today: स्विगी के शेयरों में 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है, क्योंकि कंपनी ने इंस्टामार्ट की कमान Myntra की पूर्व CEO नंदिता सिन्हा को सौंपने की घोषणा की है।
2 min read
Jul 28, 2026
Swiggy Share Today
Swiggy के शेयर में तेजी देखने को मिली है। (PC: AI)

Instamart CEO: फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनी स्विगी के शेयर में मंगलवार को अच्छी तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयरों में 5 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर कंपनी का शेयर 5.81 फीसदी या 15 रुपये की बढ़त के साथ 272.98 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। इसकी सबसे बड़ी वजह इंस्टामार्ट में हुए बड़े नेतृत्व बदलाव को माना जा रहा है। कंपनी ने Myntra की पूर्व CEO नंदिता सिन्हा को इंस्टामार्ट की कमान सौंपने का फैसला किया है। इस नियुक्ति की घोषणा को बाजार ने सकारात्मक संकेत माना है।

इंस्टामार्ट के CEO ने दिया इस्तीफा

स्विगी ने स्टॉक एक्सचेंजों को दी जानकारी में बताया कि अमितेश कुमार झा ने इंस्टामार्ट के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 28 जुलाई 2026 को अपना इस्तीफा सौंपा और कहा कि वे संगठन से बाहर नए अवसरों की तलाश करना चाहते हैं। इस्तीफे के साथ ही वे कंपनी के सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल भी नहीं रहेंगे।

3 अगस्त से नंदिता सिन्हा संभालेंगी जिम्मेदारी

कंपनी ने घोषणा की है कि 3 अगस्त 2026 से नंदिता सिन्हा इंस्टामार्ट की नई CEO के रूप में कार्यभार संभालेंगी। उसी दिन से उन्हें कंपनी के सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल का दर्जा भी मिल जाएगा। नंदिता सिन्हा इससे पहले Myntra की सीईओ थीं। उनके नेतृत्व में Myntra ने फैशन ई-कॉमर्स बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी।

नई भूमिका को लेकर क्या बोलीं नंदिता?

नई जिम्मेदारी मिलने पर नंदिता सिन्हा ने कहा कि वह लंबे समय से इंस्टामार्ट की टीम के काम की सराहना करती रही हैं। उनके मुताबिक, कंपनी ने ग्राहकों को केंद्र में रखकर मजबूत कारोबार खड़ा किया है और आगे विकास की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि वह कर्मचारियों, पार्टनर्स और ग्राहकों के साथ मिलकर इंस्टामार्ट के अगले विकास चरण को आगे बढ़ाने के लिए उत्साहित हैं।

टेक्निकल चार्ट क्या कह रहे हैं?

Angel One के इक्विटी और डेरिवेटिव्स टेक्निकल एनालिस्ट हितेश राठी के अनुसार, हाल की तेजी के बावजूद स्विगी के शेयर का लॉन्ग टर्म ट्रेंड अभी पूरी तरह मजबूत नहीं हुआ है। उनका कहना है कि 240 से 242 रुपये का स्तर फिलहाल शेयर के लिए मजबूत सपोर्ट बना हुआ है। दूसरी तरफ 280 से 290 रुपये का दायरा बड़ी रुकावट साबित हो सकता है। इसी स्तर पर गिरती ट्रेंडलाइन और सप्लाई जोन मौजूद है।

कंपनी के शेयर ने 1 हफ्ते में -1.07 फीसदी, 1 महीने में 11.04 फीसदी, इस साल अब तक -31.57 फीसदी और 1 साल में -34.33 फीसदी रिटर्न दिया है। इस शेयर का 52 वीक हाई 474 रुपये और 52 वीक लो 235.75 रुपये है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
28 Jul 2026 03:15 pm
Published on:
28 Jul 2026 03:05 pm