कारोबार

Titan Q1 Results: 63% बढ़कर 1777 करोड़ रुपये रहा टाइटन का मुनाफा, ज्वेलरी से लेकर घड़ियों और आईवियर तक हर कारोबार में हुई ग्रोथ, जानें शेयर का हाल

Titan Share Price: टाइटन का शुद्ध मुनाफा जून तिमाही में 63% बढ़कर 1,777 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जबकि रेवेन्यू में 40% की बढ़ोतरी हुई। Tanishq, CaratLane, घड़ियों और आईवियर कारोबार ने भी अच्छा परफॉर्म किया।
2 min read
Aug 07, 2026
Titan Share Price
Titan के मुनाफे में अच्छा इजाफा हुआ है। (PC: AI)

Titan Q1 Profit: टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन ने जून तिमाही में ज्वेलरी से लेकर घड़ियों और आईवियर तक, लगभग हर बड़े कारोबार में अच्छा परफॉर्म किया है। इसका नतीजा यह रहा कि कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 63% बढ़कर 1,777 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सिर्फ मुनाफा ही नहीं, कंपनी का कुल रेवेन्यू भी तेज रफ्तार से बढ़ा। जून तिमाही में परिचालन से राजस्व 40% बढ़कर 20,787 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी अवधि में यह 14,814 करोड़ रुपये था।

ज्वेलरी बिजनेस ने सबसे ज्यादा दिया साथ

टाइटन के रेवेन्यू का सबसे बड़ा हिस्सा ज्वेलरी कारोबार से आता है। इस बार भी यही कारोबार कंपनी की सबसे बड़ी ताकत बना। ज्वेलरी कारोबार की आय 43% बढ़कर 18,253 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इसमें बुलियन और डिजिटल गोल्ड की बिक्री शामिल नहीं है। भारत में मजबूत मांग और ग्राहकों की लगातार खरीदारी से इस कारोबार को बढ़ावा मिला। Tanishq, Mia और Zoya ब्रांड्स की संयुक्त बिक्री 38% बढ़कर 16,943 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, CaratLane ने भी अच्छा परफॉर्म करते हुए 40% की बढ़ोतरी के साथ 1,441 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

विदेशों में भी बढ़ी Titan की चमक

सिर्फ भारत ही नहीं, कंपनी का अंतरराष्ट्रीय ज्वेलरी कारोबार भी तेजी से बढ़ा है। इस सेगमेंट में रेवेन्यू 136% बढ़कर 1,309 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पूरे ज्वेलरी पोर्टफोलियो का EBIT 2,360 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBIT मार्जिन 12.9% दर्ज किया गया।

एनालॉग घड़ियों की हुई अच्छी बिक्री

जून तिमाही टाइटन के वॉच बिजनेस के लिए भी अच्छी रही। इस कारोबार में रेवेन्यू 24% बढ़कर 1,273 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने बताया कि एनालॉग घड़ियों की बिक्री में मजबूत बढ़ोतरी हुई है, जिसने स्मार्टवॉच की बिक्री में आई हल्की गिरावट की भरपाई कर दी। वॉच डिवीजन की कुल आय 21% बढ़कर 1,543 करोड़ रुपये रही। इस कारोबार का EBIT 295 करोड़ रुपये और मार्जिन 19.1% रहा। कंपनी ने अपने रिटेल नेटवर्क का भी विस्तार किया। इस दौरान Titan World, Fastrack, Helios और Helios Luxe के कुल 34 नए स्टोर जोड़े गए। Titan का आईवियर कारोबार भी अच्छी रफ्तार से बढ़ा। इस सेगमेंट की आय 21% बढ़कर 289 करोड़ रुपये हो गई।

शेयर ने 1 साल में दिया 44% रिटर्न

टाइटन कंपनी का शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुआ। एनएसई पर कंपनी का शेयर 1.14 फीसदी या 57 रुपये की गिरावट के साथ 4,941 रुपये पर बंद हुआ। इस शेयर ने 1 महीने में 7.32 फीसदी, इस साल अब तक 22 फीसदी, 1 साल में 44 फीसदी, 3 साल में 70 फीसदी और 5 साल में 176 फीसदी रिटर्न दिया है।

PC: NSE

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
07 Aug 2026 05:28 pm
Published on:
07 Aug 2026 05:28 pm