कारोबार

Government Schemes for Girls: बेटियों की पढ़ाई और सुरक्षित भविष्य के लिए ये हैं 5 बड़ी सरकारी योजनाएं, जानिए कितनी मिलती है आर्थिक मदद

Financial Security For Girl Child: सरकार बेटियों के बेहतर भविष्य, शिक्षा और लैंगिक समानता (Gender Equality) को बढ़ावा देने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। केंद्र और राज्य सरकारों की ये योजनाएं लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके माता-पिता पर वित्तीय बोझ कम करने में मदद करती हैं।
2 min read
Jul 27, 2026
Sukanya Samriddhi Yojana
केंद्र व राज्यों की सरकारें बेटियों के लिए कई योजनाएं चलाती हैं। (फोटो: AI)

Education Schemes For Girls: देश में बेटियों की पढ़ाई और भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें कई शानदार योजनाएं चला रही हैं। इनमें से एक योजना में तो बेटी के नाम पर सरकार 1 लाख 43 हजार रुपए तक की गारंटी देती है। वहीं, दूसरी योजनाओं में पढ़ाई से लेकर शादी तक के लिए आर्थिक मदद मिलती है। अगर आपके घर में भी बेटी है, तो ये 5 योजनाएं आपके लिए बेहद काम की हैं।

सुकन्या समृद्धि योजना

साल 2015 में शुरू हुई सुकन्या समृद्धि योजना 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान का हिस्सा है। इस योजना के तहत 10 साल से कम उम्र की बेटी के नाम पर कोई भी पोस्ट ऑफिस या बैंक में खाता खुलवा सकता है। इसमें कम से कम 250 रुपए और अधिकतम 1.5 लाख रुपए सालाना जमा किए जा सकते हैं। बेटी के 21 साल की उम्र पूरी होने पर या 18 साल के बाद शादी होने पर यह खाता मैच्योर हो जाता है। इस योजना में फिलहाल सालाना 8.2 फीसदी की चक्रवृद्धि ब्याज दर मिलती है।

दिल्ली लखपति बिटिया योजना

दिल्ली सरकार ने 31 मार्च 2026 को दिल्ली लखपति बिटिया योजना शुरू की है। इसका फायदा उन परिवारों को मिलेगा जो पिछले तीन साल से दिल्ली में रह रहे हैं और जिनकी सालाना आय 1.20 लाख रुपए से कम है। एक परिवार की सिर्फ दो बेटियों को ही इसका लाभ मिल सकता है। इस योजना के तहत दिल्ली सरकार द्वारा बिटियां के खाते में चरणबद्ध तरीके से 61 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है।

सीबीएसई उड़ान योजना

सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) की एक पहल, CBSE उड़ान योजना का मकसद इंजीनियरिंग की पढ़ाई में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाना है। यह योजना खासतौर पर उन बेटियों के लिए है जो इंजीनियरिंग में अपना करियर बनाना चाहती हैं। जिन छात्राओं ने दसवीं में 70 प्रतिशत और बारहवीं में साइंस-मैथ्स विषय से 80 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं, वे इसके लिए पात्र हैं। इसमें आईआईटी-जेईई जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग, स्टडी मैटेरियल और वीडियो लेक्चर दिए जाते हैं।

मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना

बिहार सरकार की इस योजना का फायदा गरीबी रेखा (BPL) से नीचे जीवन जीने वाले परिवारों की बेटियों को मिलता है। 22 नवंबर 2007 के बाद जन्मी बेटियों के नाम पर सरकार 2000 रुपए फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जमा करती है, जिसे बेटी 18 साल की उम्र में अविवाहित रहते हुए निकाल सकती है। एक परिवार में ज्यादा से ज्यादा 2 लड़कियां इस योजना का लाभ उठा सकती हैं।

लाडली लक्ष्मी योजना

मध्य प्रदेश सरकार की ओर से बेटी के नाम पर 1,43,000 रुपये का आश्वासन प्रमाण पत्र (Assurance Certificate) जारी किया जाता है। रजिस्ट्रेशन के समय से लगातार पांच साल तक मध्य प्रदेश लाड़ली लक्ष्मी योजना फंड में 6,000 रुपये जमा किए जाएंगे, यानी बेटी के नाम पर कुल 30,000 रुपये जमा होंगे। इसके लिए योग्यता यह है कि बेटी का जन्म 1 जनवरी 2006 को या उसके बाद हुआ हो। बेटी का रजिस्ट्रेशन स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र में होना चाहिए। माता-पिता मध्य प्रदेश के मूल निवासी होने चाहिए। माता-पिता इनकम टैक्स देने वाले (करदाता) नहीं होने चाहिए।

Updated on:
27 Jul 2026 10:43 am
Published on:
27 Jul 2026 10:40 am