
नई दिल्ली: अभी हाल ही में केरल में भयंकर बाढ़ आयी थी जिसका असर अब तक देखा जा सकता है, इस बाढ़ में अपार जन-धन की हानि हुई थी लेकिन इस कठिन घड़ी में पूरा देश एक हो गया और सभी ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद के हाथ बढ़ाए थे। आपको बता दें कि केरल में बाढ़ के राहत कार्य के दौरान एक शख्स की तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही थी। दरअसल इस शख्स ने पानी में लेटकर किसी पुल की तरह बनकर अपने ऊपर से लोगों को गुजरने दिया जिससे उनकी जान बचाई जा सकी। इस शख्स की तसवीरें सोशल मीडिया पर आने के बाद जानी मानी कार निर्माता कंपनी महिंद्रा ने उसे बड़ा ईनाम दिया है जिसके बारे में इस शख्स ने कभी सोचा भी नहीं होगा।
दरअसल महिंद्रा ने हाल ही में लॉन्च हुई अपनी MPV कार Marazzo इस शख्स को देने का फैसला किया है। बता दें कि यह शख्स पेशे से एक मछुआरा है जिसका नाम जैसल केपी है। इस शख्स ने सेना की तरफ से चलाए जा रहे बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई थी जिसे देखते हुए कंपनी ने उन्हें हाल ही में लॉन्च हुई Marazzo कार ईनाम में दी है। यह एक MPV (मल्टी पर्पज वेहिकल) है जो इनोवा कार की तरह ही काम करती है।
जानिए क्या हैं फीचर्स
महिंद्रा की इस MPV में 1.5-लीटर 4 सिलिंडर डीजल इंजन लगाया गया है जो 120 bhp की मैक्सिमम पावर के साथ 300 न्यूटन मीटर का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन को 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस किया गया है। यह कार शार्क के आकार में बनाई गयी है और इसमें आपको 17.6 किलोमीटर प्रति लीटर का जबरदस्त माइलेज मिलता है। अभी मार्केट में इस कार के डीजल वैरिएंट को ही उतारा गया है।