चंदौली

मुंह बांधकर वार्ड में घूसा युवक, फिर महिला पर बरसा दीं गोलियां, ऑटो चालक ने पकड़ा

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में 55 वर्षीय महिला मरीज लक्ष्मीना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी इलाज के बहाने अस्पताल में घुसा और वार्ड में जाकर वारदात को अंजाम दिया।
2 min read
May 11, 2026
अस्पताल में घुसकर महिला मरीज की गोली मारकर हत्या
अस्पताल में घुसकर महिला मरीज की गोली मारकर हत्या Source- X

Chandauli Crime News: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में स्थित जीवक प्राइवेट अस्पताल में सोमवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे एक महिला मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर मुंह बांधकर इलाज कराने के बहाने अस्पताल में घुसा और महिला के पास जाकर सीधे कनपटी पर गोली चला दी। इससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। हत्या के बाद आरोपी फायरिंग करते हुए भागा, लेकिन उसी समय एक ऑटो चालक विनोद दुबे ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और पिस्टल छीन ली। इसके बाद भीड़ ने आरोपी की पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

मृतका और आरोपी की पहचान

मृतका महिला का नाम लक्ष्मीना (55) है। वह बिहार के भभुआ जिले के बहोवना गांव की रहने वाली थी। उनका पैर टूटने के कारण वह अस्पताल में भर्ती थी। आरोपी की पहचान वीरेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो पंजाब के अंबाला का निवासी है। हत्या की वजह जानने के लिए पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। लक्ष्मीना देवी को 5 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल शहर मुख्यालय से 30 किमी दूर है। महिला के साथ उनका एक रिश्तेदार भी मौजूद था। अस्पताल स्टाफ और आसपास के लोग घटना के समय दहशत में थे।

ऑटो चालक की बहादुरी

ऑटो चालक विनोद दुबे ने बताया कि वह अस्पताल के बाहर मरीज को उतार रहा था। तभी बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगा। भीड़ के चिल्लाने पर उसने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी ने असलहा तान दिया, लेकिन विनोद ने उसके हाथ मरोड़ दिए और असलहा जमीन पर गिर गया। इसके बाद भीड़ ने आरोपी को घेरकर हाथ गमछे से बांध दिए और ईंट-पत्थरों से भी मारा।

स्टाफ ने बचाई जान

अस्पताल के डॉक्टर सुनील कुमार गौतम ने मीडिया को बताया कि हमलावर इलाज कराने का बहाना बनाकर वार्ड में घुसा था। नर्स को उसकी हरकत संदिग्ध लगी, इसलिए उसे वार्ड बॉय के पास भेजा गया। इसी बीच आरोपी भर्ती मरीजों के वार्ड में पहुंच गया और महिला पर गोली चला दी। आरोपी ने स्टाफ पर भी गोली चलाने की कोशिश की। स्टाफ ने बेड के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई।

पुलिस ने किया मामला दर्ज

पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी। आरोपी को समय रहते पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। पुलिस हत्या की वजह और आरोपी के मकसद की छानबीन कर रही है।

Published on:
11 May 2026 01:35 pm