चंदौली

परिजनों की फटकार से नाराज किशोर ने 5 साल के ममेरे भाई को मार डाला, चंदौली में दो दिनों तक मासूम को खोजने का करता रहा नाटक

Chandauli crime news : चंदौली में 5 साल के मासूम बच्चे की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हत्या की इस वारदात को बच्चों के ममेरे भाई ने ही अंजाम दिया...
2 min read
Jun 02, 2026
crime news
crime news

Chandauli news:चंदौली में 5 साल के मासूम बच्चे की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हत्या की इस वारदात को बच्चों के ममेरे भाई ने ही अंजाम दिया और परिजनों के साथ मिलकर दो दिनों से बच्चे की तलाश कर रहा था। बताया जा रहा है कि पैसों की लेनदेन के मामले में आरोपी किशोर को परिजनों ने डांट लगाई थी, जिससे वह नाराज चल रहा था। इसके बाद उसने गुस्से में ममेरे भाई की गला दबाकर हत्या कर दी।

ननिहाल आया था आरोपी

जानकारी के मुताबिक, धीना थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले शख्स बाहर नौकरी करते हैं। घर पर उनकी पत्नी अपनी दो बेटियों और 5 वर्षीय बेटे कार्तिक के साथ रहती हैं। करीब एक सप्ताह पहले आजमगढ़ से उनका एक 17 वर्षीय भांजा छुट्टियों में उनके घर आया था।

इसी दौरान उसने फोन में इनस्टॉल यूपीआई का पासवर्ड जान लिया। परिजनों के मुताबिक, इसी बीच कुछ दिन पूर्व यूपीआई के माध्यम से उसने एक युवक के खाते में 3 हजार रुपए भेज दिए, जिसके बाद उसे फटकार लगाई गई थी। हालांकि, बाद में युवक ने पैसे वापस कर दिए, लेकिन इसके बाद से वह नाराज चल रहा था।

बहन से भी मारपीट का आरोप

परिजनों ने बताया कि फटकार के बाद वह इतने गुस्से में आ गया कि उसने अपनी सगी बहन के साथ मारपीट की और उसका गला दबाने की कोशिश की। हालांकि, बाद में मामला शांत हो गया, लेकिन उसने परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। बताया जा रहा है कि रविवार को सुबह सरकारी स्कूल के पास मामा का 5 साल का बेटा कार्तिक खेल रहा था तभी वह उसके पास पहुंचा और बहला फुसलाकर उसे स्कूल परिसर के अंदर लेकर गया।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि पहले उसने मासूम को मारा पीटा उसके बाद उसके सीने पर चढ़कर उसका गला दबा दिया। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या किए जाने के बाद सामने आई है। आरोप है कि सब कुछ जानते हुए भी वह दो दिनों तक लापता बच्चे की तलाश परिजनों के साथ मिलकर करता रहा। इसी दौरान स्कूल में जब मासूम का शव बरामद हुआ तो मौके पर जाकर उसने कहा कि बच्चा मर चुका है, जिसके बाद परिजनों को शक हुआ।

पुलिस की पूछताछ में उगले राज

पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू की, जिसके बाद उसने सारे राज उगल दिए। उसने पुलिस को बताया कि परिजनों द्वारा डांट लगाए जाने के बाद उसकी काफी बेज्जती हुई थी और इसी से वह नाराज चल रहा था। इसी बीच उसने मासूम की हत्या करके बदला लेने की ठानी और रविवार की सुबह कार्तिक को स्कूल परिसर में ले गया और उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि इस गंभीर मामले को ध्यान में रखते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं परिजनों द्वारा तहरीर मिलने के बाद इसमें आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
02 Jun 2026 04:34 pm
Published on:
02 Jun 2026 04:08 pm