
Chandauli Crime News: चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह दो छात्रों के बीच चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस दौरान चाकू लगने से दसवीं के एक छात्र की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि मृतक छात्र आरोपी छात्र के साथ गाली गलौज करता था, जिससे उसका सम्मान कम हो गया था। इसी वजह से उसने चाकू मारकर सहपाठी की हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में दो छात्रों के बीच हुए विवाद ने चाकूबाजी का रूप ले लिया। चाकूबाजी की इस घटना में दसवीं कक्षा के छात्र लवकुश (16) की मौत हो गई। इसके बाद कोचिंग के बाहर अफरा तफरी का माहौल कायम हो गया। बताया जा रहा है कि सुबह 7 बजे के आसपास कोचिंग खुला था, इस दौरान दोनों छात्र पढ़ने के लिए कोचिंग पहुंचे थे और एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।
दरअसल, प्रतापपुर का रहने वाला लवकुश फतेहपुर गांव स्थित कोचिंग में दसवीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था। वहीं, आरोपी छात्र भी दसवीं कक्षा का छात्र है और वह फतेहपुर का रहने वाला है। वह भी इस कोचिंग में रहकर पढ़ाई करता था। आरोपी छात्र ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि बीते कई दिनों से लवकुश उससे गाली गलौज कर रहा था, जिसके कारण कोचिंग में उसका मान सम्मान कम हो गया था। कोचिंग के अन्य छात्रों के बीच वाह हंसी का पात्र बनकर रह गया था, जिसके बाद उसने इस मामले में लवकुश से बात करनी चाही।
आरोप है कि शुक्रवार की सुबह कोचिंग खुलने के दौरान आरोपी छात्र लवकुश के पास पहुंचा और उसे गाली गलौज ना करने की बात कही, जिसके बाद लवकुश ने उसे दुत्कार कर भगा दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी छात्र पहले से ही चाकू लेकर पहुंचा था, जिसके बाद उसने लवकुश के ऊपर ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इस हमले में लवकुश को चाकू लगा और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद कोचिंग के शिक्षकों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों छात्र एक ही कक्षा के हैं और एक ही कोचिंग में पढ़ाई किया करते थे। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि मृतक छात्र के शव को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। वहीं, आरोपी छात्र को भी हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा तहरीर प्राप्त करने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।