
Chandauli Alinagar Police Updates : चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी नहर में बुधवार की सुबह एक किशोरी का शव बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होने के बाद अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोरी की पहचान बबुरी थाना क्षेत्र के लेवा रोड निवासी खुशबू (16) के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, बबुरी की रहने वाली खुशबु ने मिर्जापुर में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है, जिसका शव 15 किलोमीटर दूर चंदौली जिले से बरामद हुआ है। क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि किशोरी रविवार को अपने गांव लेवा से मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के कौवासाथ स्थित अपने ननिहाल गई थी। उन्होंने बताया कि सोमवार की दोपहर 3 बजे किशोरी ने जमालपुर थाना के मठना गांव में नहर में छलांग लगा दी। किशोरी के छलांग लगाने के बाद परिजनों ने इस मामले की जानकारी मिर्जापुर पुलिस को दी, जिसके बाद मिर्जापुर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कई घंटे नहर में किशोरी की तलाश की, लेकिन वह बरामद नहीं हो पाई।
पुलिस ने बताया कि तीन दिन बाद बुधवार को किशोरी का शव अलीनगर थाना क्षेत्र के आलू मिल के पास नहर में उतराया हुआ मिला। पुलिस के मुताबिक, किशोरी इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर रील बनाने का काम करती थी, लेकिन यह बात उसके परिजनों को पसंद नहीं थी। क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि रील बनाने पर किशोरी के परिजन उसे अक्सर डाटा करते थे। परिजनों की नाराजगी के बावजूद किशोरी रेल बनाना नहीं छोड़ रही थी। सोमवार को भी रील बनाने को लेकर उसके परिजनों और मां ने उसे मना किया, जिससे वह नाराज थी।
पुलिस ने बताया है कि किशोरी को डांटे जाने के बाद परिवार में कलह हुई, जिसके बाद उसने नहर में छलांग लगा दी। क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने बताया कि फिलहाल किशोरी के शव को बरामद कर लिया गया है और परिजनों को भी इस बारे में सूचित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।