
Pc-Patrika
Accident in Varanasi : वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। जौनपुर से वाराणसी आ रही एक बस की चपेट में आने से सड़क पार कर रही एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान सड़क पार करने के दौरान बस की चपेट में आ गई और बस से कुचलकर घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सुद्धिपुर में बस की चपेट में आने से आकांक्षा श्रीवास्तव (27) नामक महिला की दर्दनाक मौत हो गई है। महिला अपने 10 वर्षीय बेटे को पास के ही स्थित एक निजी स्कूलों में छोड़ने गई थी। वहीं, स्कूल में छोड़ने के बाद घर वापस लौटते समय महिला सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान जौनपुर की तरफ से आ रही बस संख्या यूपी 62 एटी 4626 ने महिला को टक्कर मार दिया। टक्कर लगने के बाद महिला बस के पहिए के नीचे आ गई, जिससे कुचलकर घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल हो गया। इसी दौरान वाराणसी में वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस पहले से ही सुद्धिपुर में मौजूद थी, जिसके बाद संबंधित थाने को खबर दी गई। वहीं, मौके पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने महिला के पास से स्कूल फीस की रसीद प्राप्त की, जिसके बाद महिला की पहचान आकांक्षा श्रीवास्तव पति राहुल बसक के रूप में हुई। पुलिस ने बताया है कि मृतका का अशोक विहार कॉलोनी की रहने वाली थी। वहीं, पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।
शिवपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि बस से कुचलकर एक महिला के मौत होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना होने के बाद बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, बस जौनपुर से वाराणसी की तरफ आ रही थी। इसी दौरान या हादसा हुआ है। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में परिजनों द्वारा तहरीर प्राप्त की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फरार बस चालक को भी पकड़ने का प्रयास जारी है।
Updated on:
07 Jul 2026 04:17 pm
Published on:
07 Jul 2026 10:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
