Chandauli Crime news: चंदौली में पुलिस ने लूट गैंग का पर्दाफाश किया। पुलिस ने लूट गैंग के 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस लूट गैंग ने 21 मई को एक कलेक्शन एजेंट से पैसों से भरा बैग छीन लिया था।
Chandauli Police Arrested Robbers: मुगलसराय थाने की पुलिस, एसओजी और सर्विलास टीम ने संयुक्त कार्रवाई करके लुटेरों के गैंग को पकड़ा है। पकड़े गए सभी 4 आरोपी छात्र हैं और उनके शौक महंगे थे। इसी वजह से उन्होंने अपराध का रास्ता चुना और लूट की एक घटना को अंजाम दिया। लूट के बाद पुलिस ने 25 किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें
पुलिस के मुताबिक, 21 मई को मुगलसराय थाना इलाके में लूट की एक घटना हुई थी, जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस प्रयासरत थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने CCTV कैमरों की मदद ली। पुलिस ने करीब 25 किलोमीटर के इलाके में लगे 70 CCTV कैमरों की जांच की। CCTV कैमरों की जांच से पुलिस को लुटेरों का पता चला। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को चौरहट स्थित ओपी गार्डन के सामने से घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया है कि इस मामले में वाराणसी के रहने वाले आर्यन श्रीवास्तव, शिवांग पांडे, मोहम्मद तारीक उर्फ आर्यन और देव सरकार उर्फ दयाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए सभी आरोपी छात्र हैं और महंगे शौक पूरा करने के लिए लुटेरे बन गए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गर्लफ्रेंड को आईफोन 17 गिफ्ट करना था, इसी वजह से उन्होंने लूट की घटना को अंजाम दिया।
दरअसल, 21 मई को सुबह 11 के आसपास वाराणसी के रहने वाले एक शख्स ने पुलिस को सूचना दी कि ग्राम चौरहट के पास दो बाइकों पर सवार बदमाशों ने उसे धक्का मार दिया है और जब वह नीचे गिरा तो पैसों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। शख्स ने बताया कि उसके बैग में 1.34 लाख रुपए थे। इस घटना के बाद मुगलसराय पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ में पता चला है कि पीड़ित शख्स पैसे कलेक्शन का काम करता था और उसकी पूरी जानकारी आरोपियों को मिल रही थी। बताया जा रहा है कि जो व्यक्ति आरोपियों को जानकारी दे रहा था, वह खुद भी पैसे कलेक्शन का ही काम करता है। उसी ने बताया था कि पीड़ित शख्स बड़ी रकम लेकर गुरुवार को पड़ाव इलाके में जाने वाला है।
सूचना मिलने के बाद सभी चारों आरोपियों ने इलाके की रेकी की और जैसे ही पीड़ित शख्स वहां पहुंचा आरोपियों ने उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से 60 हजार रुपए कैश, मोबाइल फोन, लूटा हुआ बैग और दो मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने बताया है कि आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।