चंदौली पुलिस ने नेशनल हाईवे पर ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है...
चंदौली: हाईवे पर ट्रक ड्राइवर से लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को चंदौली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए गिरोह के सदस्य आए दिन ट्रक चालकों के साथ हाईवे पर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया करते थे।
चंदौली पुलिस ने नेशनल हाईवे पर ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरोह के सदस्य औरत के भेष में हाईवे पर खड़े होते थे और सामने से आ रही ट्रक को इशारा करके रोक लेते थे। इस दौरान गिरोह के अन्य सदस्य ट्रक चालकों से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया करते थे।
पुलिस ने बताया है कि 16 मई की रात एक ट्रक चालक ने उसके साथ हुई लूट के बाद चंदौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। ट्रक चालक ने आरोप लगाया था कि हाईवे पर करीब एक दर्जन बदमाशों ने उसे घेर कर उसके साथ लूटपाट की है। जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और नेशनल हाईवे पर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने बताया कि इसी दौरान भगवान तालाब के पास आरोपियों के मौजूद होने की खबर मिली, जिसके बाद मौके पर ताबिश दी गई।
पुलिस को आता देख गिरोह के सदस्य भागने लगे और इसी दौरान बिहार के रहने वाले आरोपी विक्रम यादव ने पुलिस को लक्ष्य करके गोली चला दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की। पुलिस की इस फायरिंग में विक्रम के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। इस दौरान भाग रहे उसके अन्य तीन साथियों को भी पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया।
पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां पर उसका डॉक्टर की देखरेख में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए बदमाश शातिर किस्म के हैं और कभी औरत और कभी पुरुष के भेष में ही ट्रैक चालकों को रोककर उनके साथ मारपीट और लूटपाट किया करते थे। पुलिस ने बताया कि लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बिहार की तरफ भाग निकलते थे। पकड़ा गया आरोपी विक्रम बिहार के मोहनिया का बताया जा रहा है।