
सांकेतिक फोटो
मिर्जापुर: कछवां पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश और शातिर असलहा तस्कर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किया गया आरोपी असलहा तस्करी गैंग का सरगना है, जिसके पैर में गोली मारकर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। बदमाश का इलाज अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में किया जा रहा है और उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, कछवां थाना को मुखबिर के जरिए यह सूचना मिली थी कि स्थानीय थाने पर दर्ज विभिन्न मुकदमे और आयुध अधिनियम में दर्ज मुकदमे में वांछित आरोपी बाइक से भटौली के रास्ते भदोही जनपद की तरफ जा रहा है। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपियों के पास असलहा भी मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने कोटवावीर के पास घेराबंदी कर सघन वाहन तलाशी अभियान शुरू किया।
वाहन जांच के दौरान कुछ देर बाद ही एक बाइक पर सवार दो लोग आते दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस द्वारा रोके जाने का इशारा देखते ही बाइक सवार दोनों बदमाश भागने लगे और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दिया। वहीं, आत्मरक्षक जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गया।
पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में थाना पड़री के रहने वाले देवेश्वर शुक्ला को गिरफ्तार किया गया है, जो 25 हजार रुपए का इनामी है और उसके पास से एक 32 बोर की पिस्टल, दो देसी तमंचा, 315 व 303 बोर का एक जिन्दा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में कछवां थाने पर बीएनएस और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी देवेश्वर शुक्ला असलहा तस्करी गैंग का सरगना है और यह आसपास के जनपदों में भाड़े पर और खरीदने पर अवैध रूप से असलहों की सप्लाई करता है। पुलिस ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह है और इसमें कई सक्रिय सदस्य भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी के निशानदेही पर उसके साथ काम करने वाले अन्य आरोपियों की तलाश की जाएगी और जल्दी सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
Updated on:
16 May 2026 10:31 am
Published on:
16 May 2026 10:31 am
