
Dharmendra Hooda viral video Sapna Choudhary: जाट आरक्षण दंगों का भगोड़ा आरोपी धर्मेंद्र हुड्डा एक बार फिर विवादों में है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर धर्मेंद्र हुड्डा ने मशहूर हरियाणवी डांसर व एक्ट्रेस सपना चौधरी और सिंगर अनु कादयान (एके जट्टी) पर बेहद आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की हैं। दरअसल, हुड्डा ने दावा किया है कि ऑनलाइन सट्टा प्रमोशन के खिलाफ अभियान चलाने के बाद अब वह हरियाणा में फैल रही अश्लीलता, फूहड़ता और नशे के खिलाफ एक नई मुहिम शुरू करने जा रहा है।
धर्मेंद्र हुड्डा ने अपने वीडियो की शुरुआत ही सपना चौधरी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों से की। उसने आरोप लगाया कि
सपना चौधरी ने डांस के नाम पर पूरे नॉर्थ इंडिया में 'नंगा नाच' कर गंदगी फैलाई है और हमारी छोरियां बिगाड़ी हैं। आज जो हरियाणा की लड़कियां स्टेज, छतों और गलियों में डांस कर रही हैं, उसकी जिम्मेदार सिर्फ सपना चौधरी हैं।'
हुड्डा ने सपना चौधरी के एक पुराने पॉडकास्ट में दिए बयान 'मर्द कुछ नहीं होते' पर भी तीखा निशाना साधा। उसने कहा कि जिन काका-ताऊ और मर्दों ने 100-100 देकर सपना को स्टार बनाया, वह आज उन्हीं मर्दों पर टिप्पणी कर रही हैं। इसके साथ ही उसने दावा किया कि सपना चौधरी पर 15 से 20 करोड़ रुपए के फ्रॉड के मामले दर्ज हैं।
विवादित वीडियो में हुड्डा ने हरियाणवी कलाकार अनु कादयान उर्फ एके जट्टी को भी आड़े हाथों लिया और उनकी निजी जिंदगी पर अमर्यादित टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्होंने चार घरों का नाश कर दिया। वहीं, सपना चौधरी के पति वीर साहू का जिक्र करते हुए उसने दावा किया कि सोशल मीडिया पर भयंकर ट्रोलिंग के कारण वीर साहू ने इंडस्ट्री छोड़ दी थी।
धर्मेंद्र हुड्डा ने कहा कि उसकी अगली मुहिम छोटे कपड़े पहनने, अभद्र डांस करने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट बनाने वालों के खिलाफ है। उसने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मयूरी गहलोत समेत कई कलाकारों का नाम लेते हुए कहा कि फूहड़ता फैलाने वाले कई लोगों ने तो डरकर वीडियो बनाना बंद कर दिया है, लेकिन मयूरी गहलोत जैसी इन्फ्लुएंसर्स अभी भी बाज नहीं आ रही हैं। जो लोग अश्लील गानों से हरियाणा की छवि खराब कर रहे हैं, उन सभी की लिस्ट मेरे पास तैयार है। यह नंगा नाच अब बंद होकर रहेगा।'