चंडीगढ़ पंजाब

1000 रुपये देने का वादा भूली सरकार, महिला कांग्रेस ने आप के खिलाफ किया प्रदर्शन

पंजाब महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया, क्योंकि 2022 के चुनावों से पहले किए गए वादे के अनुसार हर महिला को एक हजार रुपये मासिक नकद सहायता देने से पीछे हट गई है।

2 min read

पंजाब महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया, क्योंकि 2022 के चुनावों से पहले किए गए वादे के अनुसार हर महिला को एक हजार रुपये मासिक नकद सहायता देने से पीछे हट गई है। पंजाब महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुरशरण कौर रंधावा के नेतृत्व में आयोजित धरने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा, कांग्रेस महासचिव प्रभारी राजस्थान सुखजिंदर सिंह रंधावा और पार्टी के कई अन्य विधायक भी मौजूद थे।

पंजाब की महिलाओं के साथ धोखा

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आप को महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये देने के अपने वादे को भूलने नहीं देगी। उन्होंने कहा कि 36 महीने बीत चुके हैं और सरकार ने अभी तक महिलाओं को नकद सहायता प्रदान नहीं की है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब की महिलाओं के साथ स्पष्ट धोखा है, जिन्हें आप ने ठगा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी न केवल आप सरकार को एक हजार रुपये प्रति माह देने के लिए मजबूर करेगी, बल्कि वह प्रत्येक महिला के लिए 36,000 रुपये का बकाया भुगतान भी मांगेगी। वड़िंग ने कांग्रेस पार्टी की मांग दोहराई कि पंजाब विधानसभा में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होनी चाहिए।

10 महीने बीत चुके, महिलाओं को आर्थिक सहायता देने में विफल रही आप

कांग्रेस नेता बाजवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि संसदीय चुनाव संपन्न होने के बाद एक हजार रुपये की नकद सहायता का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संसदीय चुनाव संपन्न हुए लगभग दस महीने बीत चुके हैं, फिर भी आप सरकार महिलाओं को नकद सहायता देने में विफल रही है। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रंधावा ने कहा कि उनकी पार्टी तब तक लड़ती रहेगी जब तक महिलाओं को वह नहीं मिल जाता जिसका उनसे वादा किया गया था।

Updated on:
22 Mar 2025 01:07 am
Published on:
22 Mar 2025 01:06 am
Also Read
View All

अगली खबर