
Dhirendra Krishna Shastri Gen Z statement- स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छतरपुर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने Gen-Z को नया संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब नारा यह नहीं होना चाहिए कि देश के लिए जान दे देंगे, बल्कि यह होना चाहिए कि देश के लिए जिएंगे और राष्ट्र के खिलाफ खड़े होने वाली ताकतों को टिकने भी नहीं देंगे।
पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री छतरपुर के बागेश्वर में वैदिक गुरुकुलम में बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस का जश्न मना रहे थे। उन्होंने गुरुकुलम में ध्वजारोहण किया और बच्चों के साथ काफी समय बिताया। ध्वजारोहण के बाद पं. शास्त्री ने मीडिया से भी बात की। जिसमें उन्होंने देशभक्ति के साथ ही नई पीढ़ी जेनज़ी (Gen-Z) के बारे में चर्चा की और संदेश भी दिया।
शास्त्री ने कहा कि बागेश्वर धाम के गुरुकुलम में हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम में भारत माता और राष्ट्रभक्ति के प्रति हमारे भावों को समर्पित किया। ये वैदिक बटुक रामभक्ति से ओतप्रोत हैं और इनके अंदर राष्ट्रभक्ति भी कूट-कूटकर भरी है। नई पीढ़ी यानी Gen-Z को देखकर हृदय गौरव से भर जाता है।
शास्त्री ने जेन-ज़ी के बारे में कहा कि हमारे देश का भविष्य और नवनिर्माण के निर्माता हमारी भावी पीढ़ी जेन-ज़ी है। इन सभी को शुभकामनाएं देते हैं। जेन-ज़ी को यही कहता हूं कि अब तक यह नारा दिया कि हम देश के लिए जान दे देंगे, मर मिटेंगे, अब नारा बदलना है। हम देश के लिए जान नहीं देंगे, हम देश के लिए जिएंगे। और जो देश के खिलाफ होगा, उसे हम टिकने भी नहीं देंगे।
शास्त्री ने कहा कि हमारे देश का जब तिरंगा लहराता है तो वह हवा से नहीं लहराता। देश का तिरंगा जवानों की सांसों से लहराता है। और, हमारे देश की सेना के जवान वेतन के लिए नहीं वतन के लिए सेना में जाते हैं। यह सौभाग्य है। संपूर्ण विश्व को और पूरे भारतवर्ष के प्रत्येक भारतीय को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं।
इधर, शुक्रवार को बागेश्वर धाम में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस बीच जमकर बारिश होने लगी। लेकिन, मूसलाधार बारिश भी देशप्रेम का यह उत्साह कम नहीं कर सकी। इस दौरान बागेश्वर महाराज के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने जोश के साथ देशभक्ति के नारे लगाए। देशभक्ति गीतों और राष्ट्रभक्ति के रंग में सभी रंग गए थे। पं. शास्त्री खुद भी भीगते रहे और बच्चों के साथ देशभक्ति के जश्न में नजर आए।