
Chhatarpur News :मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बता दें कि, यहां सड़क हादसे में घायल 22 वर्षीय युवक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, युवक की मौत की खबर मिलने के बाद उसकी प्रेमिका ने भी आत्मघाती कदम उठाते हुए फांसी लगाकर जान दे दी है। घटना के बाद दोनों मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं जिस किसी ने भी ये खबर सुनी वो हैरान रह गया है।
बताया जा रहा है कि, जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम इन्द्रहटा में रहने वाले 22 वर्षीय प्रदीप अनुरागी पिता अर्जुन अनुरागी शुक्रवार शाम करीब 4 बजे नौगांव - ददरी - बिलहरी मार्ग पर ट्रैक्टर के पास घायल अवस्था में पड़ा मिला था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी परिजन को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन घायल को लेकर नौगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन ही एम्बुलेंस की सहायता से गंभीर घायल प्रदीप को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां आज सुबह उपचार के दौरान प्रदीप की मौत हो गई।
वहीं, युवक की मौत के बाद परिजन ने आरोप लगाया कि, प्रदीप बाइक से जा रहे थे, तभी ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि, ट्रैक्टर बिलहरी में रहने वाले मदनपाल का है और रेत परिवहन में लगा हुआ था। परिजन ने पुलिस से ट्रैक्टर जब्त कर मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, निवाड़ी गांव में रहने वाली उनकी प्रेमिका को हादसे की जानकारी मिली तो सदमे में आकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के चलते युवक के साथ साथ युवती के परिवार में भी मातम पसर गया है।