छतरपुर

छतरपुर के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, 7120 करोड़ में बनेगी 90 KM की कैनाल, 1.39 लाख हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित

Ken-Betwa Link Project: छतरपुर में किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत 7120 करोड़ रुपए से अंडरग्राउंड नहर बनेगी, जिससे 313 गांवों को फायदा होगा।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 10:55 AM IST
ken-betwa link project ken left bank canal 313 villages irrigation
Ken-Betwa Link Project: 7120 करोड़ में बनेगी 90 KM की कैनाल (फोटो सोर्स- Magnific)

Ken Left Bank Canal: केन-बेतवा लिंक परियोजना (Ken-Betwa Link Project) के अंतर्गत छतरपुर जिले के किसानों के लिए सिंचाई की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। ढोढन बांध का पानी मुख्य लिंक कैनाल में प्रवाहित होने से पहले केन-लेफ्ट बैंक कैनाल (एलबीसी) के माध्यम से खेतों तक पहुंचाया जाएगा। जल संसाधन विभाग की डीपीआर के अनुसार इस पूरे सिंचाई नेटवर्क के निर्माण पर लगभग 7 हजार 120 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिससे आगामी चार वर्षों में जिले के 313 गांवों की 1.39 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हो सकेगी। केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) से डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद इंजीनियर इन चीफ, जल संसाधन विभाग भोपाल द्वारा नवंबर माह में ही इस परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

90 किमी लंबी अंडरग्राउंड नहर से नहीं करना पड़ेगा भू-अधिग्रहण

केन नदी पर बन रहे ढोढन बांध से दो सुरंगों के माध्यम से नहरें निकाली जानी हैं, जिनका निर्माण कार्य संबंधित कंपनी द्वारा शुरू भी कर दिया गया है। इनमें से एक किलोमीटर लंबी लोअर सुरंग से केन-लेफ्ट बैंक कैनाल की शुरुआत होगी, जो करीब 90 किलोमीटर लंबी होकर उर्मिल नदी के आगे तक जाएगी। यह पूरी नहर अंडरग्राउंड बनाई जाएगी और प्रेशर पाइप सिस्टम के जरिए खेतों तक पानी की सप्लाई की जाएगी, जिसके कारण नहर निर्माण के लिए जमीन का अधिग्रहण नहीं करना पड़ेगा। प्रोजेक्ट का डीपीआर दिसंबर 2025 में तैयार कर जांच के लिए भेजा गया था, जिसे अब केंद्रीय जल आयोग और नेशनल वाटर कमीशन से स्वीकृति मिल चुकी है।

सीलोन से शुरुआत, चार तहसीलों में फैलेगा सिंचाई नेटवर्क

केन-एलबीसी की शुरुआत सीलोन गांव से होगी और सुरंग के मुहाने के समीप ही पंप हाउस व विद्युत सब स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। आगे यह अंडरग्राउंड सुरंग रंगुवां बांध के ऊपर तीन हिस्सों में विभाजित हो जाएगी। इन तीनों अंडरग्राउंड नहरों से राजनगर, महाराजपुर, लवकुशनगर और गौरिहार के गांवों में सिंचाई नेटवर्क विकसित किया जाएगा। पूरी नहर भूमिगत रहेगी, इसलिए केवल तीन स्थानों पर पंप हाउस बनाने सीमित जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।

लिंक कैनाल से पहले होगा केन-एलबीसी का निर्माण कार्य

मुख्य लिंक कैनाल का डीपीआर अभी मंजूर नहीं हुआ है और उसका टेंडर होने के बाद ही पंप हाउस व कमांड एरिया वर्क्स के टेंडर जारी हो सकेंगे, जिसके चलते उसका निर्माण शुरू होने में अभी एक वर्ष लगेगा। केन-एलबीसी का टेंडर पहले जारी हो रहा है और प्रोजेक्ट छोटा होने के कारण इसका कार्य लिंक कैनाल से पहले पूर्ण हो जाएगा। ढोढन बांध में 2029-30 के दौरान कुछ क्षेत्र में जलभराव की उम्मीद है, जिससे उसी समय से केन-एलबीसी से खेतों को पानी मिलना शुरू हो जाएगा।

जल शक्ति मंत्रालय ने मंजूर किया प्रोजेक्ट- प्रोजेक्ट कार्यपालन यंत्री

डीपीआर की पूरी जांच के बाद भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय से प्रोजेक्ट मंजूर हो चुका है। अब प्रोजेक्ट टैंडर जारी होने के स्तर पर है और भोपाल स्थित इंजीनियर इन चीफ कार्यालय से टेंडर की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।- उमा गुप्ता, कार्यपालन यंत्री, केन-बेतवा लिंक परियोजना

Updated on:
25 Nov 2026, 10:55 AM IST
Published on: