छतरपुर

खजुराहो एयरपोर्ट बना नंबर-1, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत सभी हवाई अड्डों को छोड़ा पीछे

Airport Customer Satisfaction Survey 2026: एएआई के ग्राहक संतुष्टि सर्वे 2026 में खजुराहो को मिले 4.98 अंक, लगातार दूसरे सर्वे में भी शीर्ष प्रदर्शन बरकरार, पर्यटन और विमानन क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि।
2 min read
Jul 15, 2026
khajuraho airport
khajuraho airport ranked number one in aai customer satisfaction survey, खजुराहो एयरपोर्ट बना नंबर-1 (Source-patrika)

Khajuraho Airport Customer Satisfaction Survey 2026: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित विश्व धरोहर नगरी खजुराहो ने एक बार फिर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के ग्राहक संतुष्टि सर्वेक्षण (कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे) राउंड-1 वर्ष 2026 में खजुराहो हवाई अड्डे ने ग्राहक संतुष्टि सूचकांक में सर्वेक्षित हवाई अड्डों के बीच पहला स्थान हासिल किया है। खजुराहो एयरपोर्ट को 4.98 ग्राहक संतुष्टि अंक प्राप्त हुए हैं। पिछले सर्वे यानी राउंड-2 वर्ष 2025 में भी एयरपोर्ट को 4.99 अंक मिले थे। इस बार महज 0.01 अंक की मामूली कमी के बावजूद खजुराहो ने शीर्ष स्थान बरकरार रखा है।

प्रदेश के सभी हवाई अड्डों को छोड़ा पीछे

खजुराहो की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है, क्योंकि उसने मध्यप्रदेश के सभी प्रमुख हवाई अड्डों को पीछे छोड़ दिया है। ग्राहक संतुष्टि सूचकांक में भोपाल एयरपोर्ट को 4.96 अंक प्राप्त हुए और वह संयुक्त तीसरे स्थान पर रहा। ग्वालियर एयरपोर्ट को 4.95 अंक के साथ संयुक्त चौथा स्थान मिला, जबकि जबलपुर एयरपोर्ट 4.92 अंक के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर रहा। इस प्रकार ग्राहक संतुष्टि के मामले में खजुराहो प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला एयरपोर्ट साबित हुआ।

रेटिंग में यह रहा बदलाव

पिछले सर्वे की तुलना में भोपाल एयरपोर्ट की ग्राहक संतुष्टि रेटिंग 4.99 से घटकर 4.96 रह गई, यानी 0.03 अंक की कमी दर्ज की गई। दूसरी ओर ग्वालियर एयरपोर्ट ने सुधार करते हुए 4.94 से बढ़कर 4.95 अंक प्राप्त किए और 0.01 अंक की बढ़त हासिल की। जबलपुर एयरपोर्ट की रेटिंग 4.93 से घटकर 4.92 रही, जिसमें 0.01 अंक की मामूली गिरावट दर्ज हुई। वहीं खजुराहो एयरपोर्ट की रेटिंग भी 4.99 से घटकर 4.98 हुई, लेकिन इसके बावजूद उसने सर्वे में पहला स्थान बरकरार रखा। लगातार दो सर्वेक्षणों में शीर्ष प्रदर्शन यह दर्शाता है कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने में खजुराहो एयरपोर्ट निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।

इन 30 से अधिक सुविधाओं पर मिलती है रैंकिंग

एएआई का ग्राहक संतुष्टि सर्वे यात्रियों के वास्तविक अनुभवों के आधार पर तैयार किया जाता है। इसमें चेक-इन प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, सुरक्षा कर्मियों एवं एयरपोर्ट स्टाफ का व्यवहार, टर्मिनल की स्वच्छता, प्रतीक्षालय की सुविधा, भोजन एवं खरीदारी की व्यवस्था, पार्किंग, वाई-फाई, बैगेज डिलीवरी, ग्राउंड ट्रांसपोर्ट, सूचना प्रणाली, साइनेज, सुरक्षा व्यवस्था तथा समग्र संतुष्टि सहित 30 से अधिक मानकों पर यात्रियों से फीडबैक लिया जाता है। इन्हीं मानकों के आधार पर ग्राहक संतुष्टि सूचकांक तैयार किया जाता है। खजुराहो एयरपोर्ट के डायरेक्टर संतोष सिंह ने कहा है- हर छह महीने में जारी होने वाली रैंकिंग में खजुराहो को प्रथम स्थान मिलना खुशी और गौरव की बात है। हमारा प्रयास यात्रियों को लगातार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का रहा है। आने वाले दिनों में एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

Updated on:
15 Jul 2026 08:52 pm
Published on:
15 Jul 2026 08:52 pm
Also Read
View All
छतरपुर में जार में बिक रहा अशुद्ध जल: जिले में केवल 5 पानी फैक्ट्रियों के पास वैध लाइसेंस, 50 से ज्यादा अवैध प्लांट परोस रहे बीमारी!

शादी के 57 दिन बाद शिवानी-अखिलेश की साजिश का शिकार हुआ मनीराम, छतरपुर में नाले में मिली लाश

बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के भाई की गुंडागर्दी, छतरपुर में चलाईं गोलियां, घर से निकालकर पीटा

आबादी के आंकड़ों में भारी भिन्नता से छतरपुर नगर निगम के गठन पर संकट: 20 गांवों को मिलाकर 3.62 लाख की जनसंख्या का था खाका

केन-बेतवा जुड़ाव में विभागीय सुस्ती उजागर: छह हजार हेक्टेयर पन्ना बाघ अभयारण्य की जमीन का हस्तांतरण नहीं करा पाए अधिकारी, बांध निर्माण अटका