छतरपुर

‘पाप होने के डर से’ छतरपुर में व्यक्ति ने खुद के शरीर के अंग को पहुंचाया नुकसान

Man Injures Himself: साधु बनने की सनक में व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से खुद शरीर का अंग काटा, बोला- 'भजन नहीं कर पा रहा था'
2 min read
May 30, 2026
CHHATARPUR
man seriously injures himself over fear of sin

Chhatarpur News: मध्यप्रदेश के छतरपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, यहां एक व्यक्ति ने खुद ही कुल्हाड़ी से अपने शरीर के संवेदनशील अंग को काट दिया। गंभीर हालत में व्यक्ति को जिला अस्पताल छतरपुर लाया गया, जहां उसकी इमरजेंसी सर्जरी की गई है। व्यक्ति ने खुद के द्वारा कुल्हाड़ी से संवेदनशील अंग को काटने की बात कैमरे के सामने स्वीकार की है और उसका कहना है कि कहीं उससे कोई पाप न हो जाए इसलिए उसने ऐसा किया है।

देखें वीडियो-

साधु बनने के लिए काटा खुद के शरीर का अंग

छतरपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां रहने वाले 42 वर्षीय व्यक्ति ने साधु बनने और काम वासना से मुक्ति पाने की सनक में कुल्हाड़ी से अपने संवेदनशील अंग पर हमला कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल छतरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी इमरजेंसी सर्जरी की। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

'पाप होने का डर लगता था'

जानकारी के अनुसार, व्यक्ति रोजाना की तरह सुबह अपने खेत पर गया और खेत पर स्थित कुएं के पास उसने ये कदम उठाया। घटना के बाद उसने खुद अपने परिजनों को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। अस्पताल में व्यक्ति ने मीडिया से कहा कि पाप होने के डर से उसने ये कदम उठाया है। साथ ही उसने बताया कि उसकी पत्नी को लकवा लग चुका है और बेटी की शादी हो चुकी है। अब वो साधु जीवन बिताना चाहता है, भजन करने में ध्यान भटकना भी उसने एक कारण बताया है।

मानसिक रूप से परेशान होने की बात आई सामने

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि व्यक्ति पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान और असामान्य व्यवहार कर रहा था। परिजनों का कहना है कि वह लंबे समय से नशे का आदी था और अक्सर अजीबोगरीब बातें करता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि व्यक्ति पहले रामलीला मंडल से भी जुड़ा रहा है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से उसका व्यवहार बदल गया था। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अत्यधिक खून बह जाने के कारण मरीज की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Updated on:
30 May 2026 06:09 pm
Published on:
30 May 2026 06:09 pm