
Chhatarpur Bolero Truck Accident: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां मातगुंवा थाना क्षेत्र में एक बड़ा रोड एक्सीडेंट हुआ है। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रुप से घायल है। हादसे का शिकार होने वाले सभी लोग बिजावर के रहने वाले हैं और एक ही परिवार के सदस्य हैं, जो कि किसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो में आमने-सामने से टक्कर हुई है।
मातगुवां थाना क्षेत्र के ग्राम चौका के पास शनिवार को शाम साढे चार बजे तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। सभी मृतक बिजावर के रहने वाले और एक ही परिवार से बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार बोलेरो क्रमांक एमपी 16 सी 5882 में सवार लोग बिजावर से बगौता की ओर अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। ग्राम चौका के पहले एडिफाइ स्कूल के सामने सागर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक से बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन में फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, बोलेरो में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा सका। हादसे में तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दौलत पिता दुर्गी रैकवार (40), बीना पत्नी दौलत रैकवार (38), श्यामबाई पत्नी दुर्गी रैकवार (60), कौशल्या पत्नी लक्ष्मण रैकवार (50) और संजय पिता प्रमोद (25), सभी निवासी बिजावर के रूप में हुई है। घायल छोटू रैकवार निवासी रंगौली की हालत गंभीर बताई गई है। उसे ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।