
Chhatarpur News : तेलंगाना से भाजपा विधायक टी राजा सिंह (टाइगर राजा) हालही में मध्य प्रदेश के छतरपुर में स्थित बागेश्वर धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बागेश्वर बालाजी के दर्शन कर पूजा - अर्चना की और इसके बाद पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भी विशेष मुलाकात की।
धाम परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए टाइगर राजा ने ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी के उस बयान पर कड़ा पलटवार किया, जिसमें रशीदी ने कांवड़ यात्रा और कांवड़ियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।
मौलाना रशीदी को सीधे आड़े हाथों लेते हुए टाइगर राजा ने कहा, मौलाना रशीदी को हमें ज्ञान देने की कोई जरूरत नहीं है। अगर उन्हें ज्ञान बांटना ही है, तो वे उन लोगों को समझाएं जो मदरसों से आतंकवादी बनकर निकल रहे हैं। लाल किले पर बम फोड़ने वाले डॉक्टरों को जाकर ज्ञान दें। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से ऐसे बयान देने वालों पर सख्त रुख अपनाने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले में समाजवादी पार्टी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए टाइगर राजा ने अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, सपा और उसके नेताओं का सनातन धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। इनका मुख्य उद्देश्य हिंदू विरोधी ताकतों को शह देना और उत्तर प्रदेश का माहौल खराब करना है। वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के लिए ये लोग सनातन का अपमान करने वालों का समर्थन करते हैं।
झारखंड में युवाओं पर हुए लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए टी राजा ने कांग्रेस और विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा, जो लोग हर छोटी-बड़ी बात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उंगली उठाते हैं, वे अब झारखंड के मुद्दे पर चुप क्यों हैं? वहां युवाओं पर लाठीचार्ज कर उनकी आवाज को दबाया गया, लेकिन राहुल गांधी और अखिलेश यादव के मुंह से एक शब्द नहीं निकला।