mp news: केन-बेतवा लिंक परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले गांव की महिला से मुआवजे के नाम पर पटवारी ने मांगी थी 1 लाख 60 हजार रुपये रिश्वत।
mp news: मध्यप्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। लगभग हर दूसरे दिन कहीं न कहीं लोकायुक्त रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ रही है लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोर बाज आते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले का है जहां एक पटवारी को कलेक्ट्रेट के गेट पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त सागर की टीम ने रंगेहाथों पकड़ा है।
देखें वीडियो-
छतरपुर जिले के नेगुवा क्षेत्र के हल्का पटवारी राहुल अग्रवाल को सागर लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे सागर लोकायुक्त की टीम ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए कलेक्ट्रेट के गेट पर रंगेहाथों पकड़ा है। आरोपी पटवारी राहुल अग्रवाल केन-बेतवा लिंक परियोजना के डूब क्षेत्र में आने वाले गांव नेगुवा की एक महिला शगुंती बाई सौंर से मुआवजे के नाम पर कुल 1 लाख 60 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। पहली किस्त के तौर पर रिश्वतखोर पटवारी फरियादी महिला शगुंती बाई से 40 हजार रुपये पहले ही ले चुका था।
पटवारी के द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत फरियादी महिला शगुंती बाई सौंर ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में की थी। शिकायत में फरियादी शगुंती बाई ने बताया कि केन-बेतवा लिंक परियोजना के कारण उनके गांव के विस्थापन के मुआवजे के रूप में शासन द्वारा उनकी बेटी के खाते में साढ़े 12 लाख रुपये जमा किए गए थे। उसी दिन से पटवारी राहुल अग्रवाल उनसे इनाम के नाम पर 1 लाख 60 हजार रुपये की मांग कर रहा है। पहले ही 40 हजार रुपये ले चुका है और गुरुवार को दूसरी किस्त के तौर पर 50 हजार रुपये देने के लिए बुलाया है। लोकायुक्त टीम ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर फरियादी शगुंती बाई को रिश्वत के 50 हजार रुपये देने के लिए रिश्वतखोर पटवारी राहुल अग्रवाल के पास भेजा। जैसे ही पटवारी ने रिश्वत के रूपये लिए तो लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त टीम के द्वारा पटवारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबर जब मीडियाकर्मियों को लगी तो वो मौके पर पहुंचे। मीडियाकर्मियों को कैमरों को देख रिश्वतखोर पटवारी राहुल अग्रवाल मुंह छिपाते नजर आया। लोकायुक्त टीआई रोशनी जैन ने बताया कि शगुंती बाई की शिकायत पर कलेक्ट्रेट के गेट पर पटवारी राहुल अग्रवाल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया है।