
Chhatarpur News :मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में जहरीली शराब के खिलाफ लिए गए एक्शन के बाद अब इसी इलाके के अंतर्गत आने वाले छतरपुर जिले के नौगांव में प्रशासन ने प्रतिबंधित तंबाकूयुक्त सुपारी और गुटखा बेचने और बिक्री के लिए संग्रहित करने के मामले में बड़ा एक्शन लिया है। बताया जा रहा है कि, छापामार टीम ने इस संबंध में दो व्यापारियों के खिलाफ जुर्माना कार्रवाई की है।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर अपर कलेक्टर और न्याय निर्णयन अधिकारी विनय द्विवेदी ने दोनों व्यापारियों पर 2 लाख 25 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है। इस तरह दोनों व्यापारियों पर कुल 4 लाख 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही, जब्त प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों को नष्ट करने के आदेश भी दिए गए हैं।
पहले मामले में नौगांव के मेन मार्केट स्थित समृद्धि ट्रेडर्स के संचालक सौरभ रावत के प्रतिष्ठान से केजी सुगंधित सुपारी के 8 और किंग स्वादिष्ट सुपारी के 8 कंपनी पैक्ड पैकेट के नमूने जब्त किए गए थे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भोपाल भेजा था। जांच रिपोर्ट में दोनों तरह की सुपारी तंबाकूयुक्त पाई गई है। इसके बाद प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों का विक्रय और बिक्री करने के साथ साथ उसका संग्रहण करने के चलते सौरभ रावत के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई नौगांव में ही एक गुटखा फैक्ट्री संचालित करने वाले उमेश कुशवाहा के यहां की गई। यहां से भोला स्वादिष्ट सुपारी के 8 पैकेट और अन्य तंबाकू मिश्रित खुले गुटखे के नमूने लिये गए थे। इसके बाद प्रयोगशाला की जांच में ये नमूने भी तंबाकूयुक्त पाए गए। इसे खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए उमेश कुशवाहा पर भी 2 लाख 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
दोनों ही मामलों में न्याय निर्णयन अधिकारी ने अलग-अलग प्रकरणों में आदेश पारित किए हैं। प्रशासन ने प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के विक्रय और संग्रहण पर कार्रवाई करते हुए संबंधित सामग्री के विनिष्टीकरण के निर्देश भी दिए हैं। इस कार्रवाई से प्रतिबंधित तंबाकूयुक्त खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले व्यापारियों में सख्त संदेश गया है।