छतरपुर

माता-पिता को रोता छोड़ गई रोशनी, छतरपुर में करीब 3 महीने पहले हुई थी शादी

Newly Married Woman Suspicious Death: मृतका रोशनी के पिता का आरोप- 5 लाख रुपए नकद, एक चार पहिया वाहन या शहर में एक प्लॉट की मांग कर रहे थे ससुराल वाले, शादी में नकद दिए थे 10 लाख रुपये।
2 min read
Jul 26, 2026
chhatarpur
newly married woman roshni patel suspicious death, मृतका रोशनी पटेल की जीवित अवस्था की तस्वीर व साथ में पति महेश पटेल (Source-Patrika)

Chatarpur Newly Married Woman Suspicious Death: मध्यप्रदेश के छतरपुर के रामनगर कांटी में रहने वाली 22 वर्षीय नवविवाहिता की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। ससुराल पक्ष के लोग जहां करंट लगने से नवविवाहिता की मौत होने की बात कह रहे हैं वहीं मृतका के पिता ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने रविवार को नवविवाहिता का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की हर पहलू से जांच करने में जुट गई है।

करीब 3 महीने पहले हुई थी शादी

रामनगर के कांटी में रहने वाली नवविवाहिता 22 वर्षीय रोशनी पटेल की शादी करीब 3 महीने पहले महेश पटेल से हुई थी। शनिवार शाम को रोशनी की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान मृतका रोशनी के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि किचन में काम करते वक्त रोशनी को हीटर से करंट लगा था, वो जब अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पिता ने लगाए हत्या के आरोप

मृतका रोशनी के पिता ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी बड़ी धूमधाम से 5 मई को महेश पटेल के साथ की थी। शादी में 10 लाख रुपये नकद भी दिए थे लेकिन शादी के बाद ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। उनका आरोप है कि 5 लाख रुपए नकद, एक चार पहिया वाहन या शहर में एक प्लॉट की मांग ससुरालवालों की तरफ से की जा रही थी। बेटी के साथ विवाद किया जाता था और दो दिन पहले ही वो बेटी से मिलकर गए थे और ससुराल वालों को समझाया भी था। वहीं मां रेखा पटेल ने भी आरोप लगाया है कि सास और जेठानी मानसिक रूप से रोशनी को प्रताड़ित करती थीं।

हमने कभी दहेज नहीं मांगा- ससुर

एक तरफ जहां मृतका रोशनी के माता-पिता गंभीर आरोप लगा रहे हैं वहीं दूसरी तरफ ससुर गनेशी पटेल ने आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने बताया कि रोशनी को खाना बनाते समय हीटर से करंट लगा था। वो तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हमने कभी दहेज की मांग नहीं की। ससुर गनेशी पटेल ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Updated on:
28 Jul 2026 03:11 pm
Published on:
26 Jul 2026 07:41 pm