छतरपुर

MP में पुलिस हवालात में ‘मुर्गे’ का Video, वायरल होते ही मचा हड़कंप

MP News: मध्य प्रदेश में एक पुलिस चौकी के बंदी गृह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें किसी अपराधी की जगह एक मुर्गा सलाखों के पीछे बंद नजर आ रहा है।
2 min read
May 15, 2026
police lockup rooster video viral chicken party in mp news
police lockup rooster video viral (फोटो-Patrika.com)

Police lockup rooster video viral: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से अजब-गजब मामला सामने आया है। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अटकोहा पुलिस चौकी इन दिनों एक अनोखे मामले को लेकर चर्चाओं में है। दरअसल, चौकी के बंदी गृह (हवालात) का एक दृश्य सामने आया है, जिसमें किसी अपराधी की जगह एक मुर्गा सलाखों के पीछे बंद नजर आ रहा है। यह मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और बंदी गृह की मर्यादा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। (MP News)

सलाखों के पीछे मुर्गा, पुलिस पर उठे सवाल

जानकारी के मुताबिक, अटकोहा चौकी परिसर स्थित बंदी गृह के अंदर एक मुर्गे को बंद रखा गया था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इस दृश्य को अपने कैमरे में कैद कर लिया, जिसे अब साझा किया जा रहा है। दृश्य में स्पष्ट देखा जा सकता है कि जिस जगह गंभीर आरोपियों को रखा जाता है, वहां एक मुर्गा टहल रहा है। इस दृश्य को देखकर लोग पुलिसिया व्यवस्था पर तंज कस रहे हैं और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह मामला किस तारीख का है और मुर्गे को वहां क्यों रखा गया था।

चौकी प्रभारी का तर्क- यह एआई की करामात है

जब इस गंभीर और हास्यास्पद मामले को लेकर अटकोहा चौकी प्रभारी सोहन सिंह सैयाम से पक्ष लिया गया, तो उन्होंने मामले से पल्ला झाड़ते हुए एक चौंकाने वाला तर्क दिया। चौकी प्रभारी का कहना है कि यह दृश्य उनके यहां का नहीं है। उन्होंने दावा किया कि किसी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का उपयोग कर यह फर्जी दृश्य तैयार किया है। प्रभारी का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि यह कब और किसने बनाया है।

लापरवाही या तकनीक का दुरुपयोग?

एक तरफ जहाँ पुलिस इसे आधुनिक तकनीक द्वारा रचित बता रही है, वहीं स्थानीय स्तर पर लोग पुलिस के इस तर्क को पचा नहीं पा रहे हैं। अब सवाल यह उठता है कि क्या वास्तव में किसी ने पुलिस की छवि खराब करने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है या फिर चौकी के अंदर हुई इस लापरवाही को छिपाने के लिए तकनीक का बहाना बनाया जा रहा है?

चर्चा- चिकन पार्टी के लिए किया बंद

वायरल वीडियो को लेकर पुलिस थाने के आसपास के इलाकों में ये भी चर्चा चल रही है कि पुलिस ने मुर्गे कोकन पार्टी के लिए हवालात में बंद कर दिया। वहीं, लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि चौकी की साफ सफाई की जा रही थी। इसी दौरान पास में पले मुर्गों में से एक अंदर घुस गया और सफाई करने वाले व्यक्ति ने गेट लगाकर वीडियो बना लिया। पार्टी करने जैसी कोई बात नहीं है। (MP News)

ये वीडियो हो रहा वायरल

Updated on:
15 May 2026 09:48 pm
Published on:
15 May 2026 09:48 pm