
Chhatarpur Police Station Incident : मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के महाराजपुर थाना परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब रविवार दोपहर को एक युवती ने अपनी जान देने की कोशिश की। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इस घटना के बाद थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि युवती मारपीट की शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंची थी लेकिन जब शिकायत दर्ज नहीं की गई तो उसने थाना परिसर में ही कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती थाना प्रभारी पर बिके होने का आरोप भी लगा रही है।
जो वीडियो सामने आया है वो महाराजपुर थाना परिसर का है। वीडियो में युवती थाने के बाहर पेड़ के नीचे खड़े होकर जिंदगी बर्बाद करने की बात कह रही है और इसी दौरान जहर का सेवन करते हुए नजर आ रही है। युवती के जहर खाते ही पुलिस थाने में हड़कंप मच जाता है और पुलिसकर्मी थाने से बाहर आते हैं। युवती को जहर थूकने के लिए कहते पुलिसकर्मी वीडियो में नजर आ रहे हैं। आनन-फानन में पुलिसकर्मी युवती को अस्पताल ले जाकर पहुंचे और भर्ती कराया, फिलहाल युवती का इलाज जारी है।
बताया गया है कि युवती शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंची थी लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। पीड़िता की मां ने बताया कि रोहित पुरोहित, सतीश पुरोहित और एक अन्य ने मारपीट की थी। जिसकी शिकायत करने थाने आए थे लेकिन शिकायत दर्ज नहीं की। वहीं पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस वालों ने उन्हें गाड़ी से रोड पर गिरा दिया, भाईयों के खिलाफ आरोपियों के कहने पर शिकायत दर्ज कर ली, लेकिन हमारी शिकायत दर्ज नहीं कर रहे हैं। थाना परिसर में युवती के द्वारा आत्महत्या की कोशिश किए जाने की खबर लगते ही एसडीओपी अस्पताल पहुंचे और पीड़िता से बात की। युवती का इलाज करने वाले डॉक्टर ने बताया कि युवती ने जहर खाने के बाद अस्पताल लाया गया था, फिलहाल उसका इलाज चल रहा है और 24 घंटे के लिए ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।