छतरपुर

MP News : शिक्षकों पर सख्ती, लापरवाही सामने आते ही सीधे निलंबित किया

Chhatarpur- स्कूलों का निरीक्षण, अनेक अव्यवस्थाएं मिलने और टीचर्स की लापरवाही पर सख्त कदम उठाए
2 min read
Mar 10, 2026
Government to Issue New Order for TET in MP
Government to Issue New Order for TET in MP- demo pic

Chhatarpur - मध्यप्रदेश में लापरवाह कर्मचारियों, अधिकारियों पर सख्ती का दौर जारी है। प्रदेश के छतरपुर Chhatarpur में जिला शिक्षा अधिकारी ने सहायक शिक्षक धनीराम प्रजापति को निलंबित कर दिया है वहीं जिपं सीईओ ने माध्यमिक शिक्षक राखी भारती के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही प्रस्तावित की है। इस संबंध में जेडी सागर को पत्र भेजा गया है। विगत दिनों जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने संयुक्त दल के साथ स्कूलों का निरीक्षण किया था। इस दौरान अनेक अव्यवस्थाएं मिलने और टीचर्स की लापरवाही पर ये सख्त कदम उठाए गए हैं।

जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया ने जिला शिक्षा अधिकारी, सीईओ जनपद पंचायत तथा जिला मिड डे मिल प्रभारी आदि के संयुक्त दल के साथ जिले के शासकीय प्राथमिक शाला चौकीपुरवा एवं शासकीय माध्यमिक शाला कलानी का आकस्मिक निरीक्षण किया था। इसमें कई अव्यवस्थाएं एवं लापरवाही पाईं गई थी। जिला पंचायत सीईओ ने इसपर जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इसी अनुक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एएस पाण्डेय ने शासकीय प्राथमिक शाला चौकीपुरवा के प्रभारी प्रधानाध्यापक (मूलपद सहायक शिक्षक) धनीराम प्रजापति को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई निरीक्षण में मिली कमियों को लेकर की गई है। निरीक्षण के दौरान स्कूल में बच्चे नहीं मिले थे और प्रभारी प्रधानाध्यापक अकेले बैठे मिले। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि बच्चों को मध्याह्न भोजन के लिए गांव में भेजा गया है क्योंकि भोजन स्कूल में नहीं बनता है।

निरीक्षण के दौरान बच्चों की अनुपस्थिति तथा बच्चों को गांव में भेजना शिक्षक की गंभीर लापरवाही माना गया। स्कूल परिसर में कक्षों में गंदगी सहित कई अव्यवस्थाएं भी प्रकाश में आई। मध्याह्न भोजन के लिए बच्चों को गांव में भेजा जाना बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही को परिलक्षित करता है जो शासनादेशों का भी उल्लंघन है। उक्त अनियमितताओं के लिए शिक्षक धनीराम प्रजापति को दोषी पाए जाने पर उनके विरूद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई। उनका मुख्यालय, विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय लवकुशनगर नियत किया गया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी

अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संयुक्त संचालक को पत्र भेजा

जिला पंचायत सीईओ द्वारा शासकीय माध्यमिक शाला कलानी के प्रभारी प्रधानाध्यापक (मूलपद माध्यमिक शिक्षक) राखी भारती के विरूद्ध निलंबन की कार्यवाही प्रस्तावित करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर को पत्र भेजा गया है। यहां निरीक्षण के दौरान पाया गया था कि शाला की प्रभारी प्रधानाध्यापक राखी भारती द्वारा बिना किसी सक्षम अधिकारी के निर्देश के हॉफ टाइम में ही बच्चों की छुट्टी कर दी गई थी। मध्याह्न भोजन के संबंध में बताया गया कि बच्चे भोजन कर घर चले गए, लेकिन टिफिन में भोजन का सैंपल उपलब्ध नहीं पाया गया। साथ ही उपस्थिति पंजी में पूर्व दिनों में अनुपस्थित विद्यार्थियों को अनुपस्थित दर्ज करने के बजाय बिंदी अंकित की गई थी, जिससे स्पष्ट हुआ कि बच्चों की उपस्थिति में हेरफेर किया जा रहा है।

Updated on:
10 Mar 2026 03:57 pm
Published on:
10 Mar 2026 03:57 pm