
Chhatarpur Woman Sudden Death: मध्यप्रदेश के छतरपुर में एक 22 वर्षीय शादीशुदा महिला की अचानक मौत का मामला सामने आया है। महिला ने कुछ देर पहले ही अपने बीमार बेटे को ससुर की गोद में दिया था, इसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन तुरंत महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी, अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चंद्रनगर चौकी क्षेत्र में रहने वाले शिवम गुप्ता के परिवार पर शनिवार को उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब शिवम गुप्ता की 22 वर्षीय पत्नी मान्या गुप्ता की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद कुछ ही देर में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मान्या और शिवम का एक 8 महीने का बच्चा है जो बीमार रहता है। बीमार बच्चे को कुछ देर पहले ही मान्या ने अपने ससुर की गोद में दिया था और वो घर के अंदर काम करने चली गई। तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।
मान्या की तबीयत बिगड़ते ही परिवार में हड़कंप मच गया तुरंत परिजन मान्या को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। डॉक्टर्स ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। परिजनों ने बताया कि मान्या और शिवम का 8 महीने का बेटा है जो सुन नहीं सकता है। बच्चे की बीमारी के कारण मान्या काफी दुखी रहती थी। परिजन भी साइलेंट अटैक की आशंका जता रहा है। वही पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा।