
Chhatarpur Woman Missing: मध्यप्रदेश के छतरपुर में एक महिला के बच्चे व मां के संग घर से गायब होने के बाद पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पति का आरोप है कि पत्नी अपने साथ घर से 1 लाख रुपये नकद और सोने के जेवरात भी ले गई है। पति के मुताबिक शादी वाली वेबसाइट के जरिए हुई पहचान के बाद दोनों ने करीब 5 साल पहले शादी की थी। उनके दो बच्चे हैं जिनमें से बड़ा बेटा स्कूल गया था और छोटे बेटे जिसकी उम्र 8 महीने है उसे पत्नी अपने साथ ले गई है।
छतरपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के हमां गांव के रहने वाले नरेन्द्र विश्वकर्मा ने थाने में शिकायती आवेदन देकर पत्नी प्रियंका मुकुती, 8 महीने के बच्चे और अपनी सास को ढूंढ़ने की गुहार लगाई है। पति नरेन्द्र का कहना है कि 10 सितंबर को जब वो दोपहर में करीब 3 बजे घर पर खाना खाने के लिए पहुंचा तो घर से पत्नी, बच्चा व सास तीनों गायब थे। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद थे और पत्नी व सास का मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। पति नरेन्द्र विश्वकर्मा के मुताबिक पत्नी व सास के गायब होने के बाद जब उसने अलमारी देखी तो उसमें से एक लाख रुपये नकद व सोने के जेवरात गायब थे।
नरेन्द्र विश्वकर्मा के मुताबिक करीब 5 साल पहले शादी वाली वेबसाइट के जरिए उसकी पहचान प्रियंका से हुई थी। दोनों के बीच करीब 4 महीने तक बातचीत हुई और फिर उन्होंने शादी करने का फैसला किया। प्रियंका ने बताया कि उसके परिवार में सिर्फ उसकी बूढ़ी मां हैं, इसलिए नरेन्द्र ने मानवीयता दिखाते हुए सास को भी अपने साथ घर में रख लिया था। नरेन्द्र के मुताबिक उनके दो बेटे हैं, जिनमें से बड़ा बेटा स्कूल गया हुआ था और छोटे बेटे को पत्नी अपने साथ ले गई है।
पति नरेन्द्र का आरोप है कि पत्नी प्रियंका अक्सर किसी से फोन पर बंगाली भाषा में बातचीत करती थी, पहले उसने इस पर ध्यान नहीं दिया। लेकिन अब उसे उन कॉल्स पर गहरा शक है। नरेन्द्र ने मीडिया से बात करते हुए भावुक होते हुए कहा है कि उसे पत्नी से कुछ लेना-देना नहीं है, पत्नी अगर उसके साथ नहीं रहना चाहती तो न रहे, लेकिन 8 महीने का मासूम बेटा उसे लौटा दे। मामले पर सिटी कोतवाली पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की तकनीकी जांच और मोबाइल नंबरों के कॉल विवरण के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।