MP News: 143 अस्थाई कर्मचारियों की छंटनी तय मानी जा रही है। विभागीय रिपोर्ट और फेस अटेंडेंस गड़बड़ी के बाद अब निगम आयुक्त बड़े फैसले की तैयारी में हैं।
Employees Termination: नगर निगम में इस समय 143 अस्थाई कर्मचारी अतिरिक्त रूप से काम कर रहे हैं। इन्हें नौकरी से बाहर किया जा सकता है। निगम आयुक्त की ओर से कर्मचारी पर गठित समिति ने अपनी रिपोर्ट दे दी है। अब इस पर हर विभाग के प्रमुख से कर्मचारियों पर उनकी राय मांगी गई है। इसके बाद इस पर निर्णय लिया जा सकता है। छिंदवाड़ा नगर निगम (Chhindwara Nagar Nigam) में इस समय 1840 अधिकारी-कर्मचारियों का वेतन 4 करोड़ रुपए है। इन कर्मचारियों की फेस अटेंडेंस भी शुरू हो गई है। (MP News)
पिछले दिनों नगरीय प्रशासन विभाग की ओर से कर्मचारियों की संख्या सीमित करने संबंधी पत्र पर निगम आयुक्त ने हर विभाग से अतिरिक्त कर्मचारियों की संख्या बताने एक कमेटी का गठन किया था। इसमें दो उपायुक्त कमलेश निरगुडकर और रोशन सिंह बाथम तथा कार्यालय अधीक्षक मोहन नागदेव शामिल थे। इन्होंने अपनी रिपोर्ट निगम आयुक्त को दे दी है। इसमें अतिरिक्त कर्मचारियों की संख्या 143 बताई गई है।
नगर निगम के कर्मचारियों की फेस अटेंडेंस अक्टूबर माह के वेतन के लिए अभी तक लेखा विभाग को नहीं पहुंच पाई है। इससे कर्मचारियों के वेतन पर संशय बना हुआ है। साथ ही निगम के वास्तविक कर्मचारियों की संख्या भी साफ नहीं हो सकी है। निगम में पिछले सितम्बर माह में 1840 अधिकारी-कर्मचारियों को वेतन मिला था।
इसी माह से फेस अटेंडेंस में औसत 1650 से 1735 कर्मचारियों की संख्या दर्ज हो रही है। नवंबर में यह संख्या बरकरार है। शेष कर्मचारियों को अधिकारिक रूप से सरकारी छुट्टी पर बताया जा रहा है। निगम के लेखा अधिकारी प्रमोद जोशी का कहना है कि अभी तक अक्टूबर माह के वेतन के लिए कर्मचारियों की फेस अटेंडेंस नहीं मिली है। वेतन के हिस्से के रूप में चुंगी क्षतिपूर्ति राशि नहीं आई है। वेतन कब होगा, इस विषय में जानकारी 25 नवंबर के बाद ही मिलेगी। (MP News)
नगर निगम में कर्मचारियों पर गठित समिति की रिपोर्ट मिल गई है। जिसमें 143 अतिरिक्त कर्मचारी बताए गए हैं। इस पर निगम के शाखा प्रमुखों की राय मांगी गई है। इसके बाद ही आगे का फैसला लिया जा सकता है। - सीपी राय, आयुक्त नगर निगम