छिंदवाड़ा

10 हजार रुपए की रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, लोकायुक्त की कार्रवाई

होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ ASI ने होमगार्ड सैनिक से नामांकन रद्द करने के एवज में मांगी थी रिश्वत...
2 min read
• •
Updated: 23 Jun 2022, 6:51 PM IST
chhindwara.jpg

छिंदवाड़ा. सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी के मामले थमते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले का है जहां होमगार्ड कार्यालय में पदस्थ ASI को लोकायुक्त ने 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। रिश्वतखोर एएसआई ने होमगार्ड के एक सैनिक से उसका नामांकन रद्द करने का दबाव बनाकर 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी जिसकी शिकायत सैनिक ने जबलपुर लोकायुक्त से की थी जिस पर लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर रिश्तखोर एएसआई को रंगेहाथों धरदबोचा।

10 हजार की रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार
छिंदवाड़ा के होमगार्ड दफ्तर में पदस्थ एएसआई प्रदीप कुमार शर्मा को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को होमगार्ड दफ्तर परिसर में 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया। होमगार्ड सैनिक पंकज पवार ने जबलपुर लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि वो होमगार्ड शाखा में एसडीआरएफ टीम में पदस्थ है। पिछले दो-तीन महीनों से वह पारिवारिक कारणों से ड्यूटी पर नहीं था। कुछ दिन पहले ही उन्होंने दोबारा नामांकन जमा कर जॉइनिंग ली थी, जिसको लेकर शाखा में पदस्थ एएसआई प्रदीप शर्मा उससे 15000 की डिमांड कर रहे थे।


सैनिक पंकज पवार की शिकायत मिलने के बाद पहले तो लोकायुक्त ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर रिश्वत के 10 हजार रुपए लेकर रिश्वतखोर एएसआई प्रदीप शर्मा के पास भेजा। जैसे ही एएसआई ने रिश्वत के पैसे लिए तो सादी वर्दी में मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगेहाथों पकड़ लिया। फरियादी सैनिक पंकज पवार ने ये भी बताया कि एएसआई प्रदीप शर्मा लगातार उस पर पैसे देने के लिए दबाव बना रहा था और पैसे नहीं देने पर एसडीआरएफ किट जमा कराकर नामांकन रद्द करने की धमकी देता था।

Published on: