MP Crime: मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर में घरों से चल रहे अवैध बूचड़खानों पर हुई कार्रवाई, 11 पर केस दर्ज
MP Crime: गोवंश हत्या को लेकर मंडला जिले की पुलिस ने भैंसवाही गांव में घरों से संचालित 11 अवैध बूचड़खानों में दबिश दी। पुलिस ने यहां गोवंश के अवशेष बरामद करते हुए संचालकों पर केस दर्ज किया। नैनपुर पुलिस ने क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर शनिवार को कार्रवाई कर शासकीय जमीन में बने घरों से संचालित अवैध बूचड़खानों को राजस्व अमले ने जमींदोज कराया।
मंडला में अवैध बूचड़खानों की सूचना पर एसडीओपी नैनपुर नेहा पच्चसिया व नैनपुर निरीक्षक बलदेव सिंह मुजालदा के नेतृत्व में टीम रवाना हुई। पुलिस ने बताया कि दबिश के दौरान ग्राम भैसवाही में 11 घर ऐसे मिले जहां पर गोवंश व उनके अवशेष मिले। यहां लंबे समय से दबे-छिपे घरों से बूचड़खाने संचालित हो रहे थे।
पुलिस टीम ने सभी 11 आरोपियों पर मामला दर्ज किया, जबकि एक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। राजस्व विभाग ने रेकॉर्ड की पड़ताल की तो सभी घर सरकारी भूमि पर मिले। इन घरों में राजस्व विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने से संबंधित कार्रवाई की गई।
उधर रतलाम जिले के जावरा में धर्म स्थल पर गोवंश के अवशेष फेंकने के मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों पर पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) की कार्रवाई की। पुलिस ने शनिवार को चारों आरोपियों का नगर में जुलूस भी निकाला और न्यायालय में पेश कर उज्जैन के भैरगढ़ जेल भेज दिया। आरोपियों की पहचान सीसीटीवी कैमरे की मदद से की गई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने घरों के आसपास खेतों व तबेले में 150 जीवित गोवंश बंधक बना रखे थे। पुलिस ने इन्हें छुड़ाते हुए 85 गोवंश को प्रशासन के सहयोग से सुरक्षित गोशाला पहुंचाया है।
अवैध रूप से गोवंश लाकर वध करने की आशंका पर दबिश दी गई। 11 घरों से कारोबार संचालित हो रहा था। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शेष की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रहे हैं।
-रजत सकलेचा, पुलिस अधीक्षक, मंडला