mp news: संघर्ष टालने के लिए पुलिस ने आधे शहर को छावनी में तब्दील किया, फिर भी तीन बैरिकेड्स फांदकर घुसे भाजपाई
mp news: नई दिल्ली में एआई समिट के बाद प्रदेशभर में हुए विवाद के चलते रविवार को मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया। सुबह से ही पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के चारों तरफ घेराबंदी कर रखी थी। पूरा परिसर छावनी में तब्दील था और कांग्रेसी भी कार्यालय के बाहर जमा रहे। शाम 4 बजे के लगभग बड़ी संख्या में भाजपा प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यालय के पास पहुंचे। भाजपाई पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स तोड़ते हुए कांग्रेस कार्यालय तक पहुंच गए। जहां कांग्रेस-भाजपाई आमने समाने आ गए।
कांग्रेस कार्यालय में प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात था। शाम 4 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के साथ बड़ी संख्या में भाजपाई प्रदर्शन के लिए आए। पोलाग्राउंड सहित कार्यालय के चारों तरफ पुलिस ने तीन लेयर में बैरिकेड्स लगाए थे। पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया लेकिन पोलाग्राउंड के पास से भाजपाई बैरिकेड्स तोड़ते हुए आगे बढ़ते गए। प्रदर्शन के दौरान जमकर तकरार हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं के कांग्रेस भवन पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू की। इस दौरान उनकी झड़प भी हुई।
भाजपाई कांग्रेस नेता राहुल गांधी का तो कांग्रेसी प्रधानमंत्री का पुतला लिए हुए थे। पुलिस ने पुतले छीने और स्थिति बिगड़ते देख भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर लाठियां भी फेंकी। यह स्थिति तब बनी, जब भाजपा कार्यकर्ता उग्र थे और प्रदर्शन करते हुए वापस लौट रहे थे। इस दौरान दोनों पक्ष एक दूसरे पर लाठियां फेंकने लगे। बाद में कांग्रेसी एकत्रित होकर पुलिस थाने पहुंचे और धरना प्रदर्शन कर भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग की।