MP News: संतोषी माता वार्ड तथा सांईधाम कॉलोनी में घटना, सीसीटीवी में कैद हुए 13 बदमाश,लोगों के मोबाइल तोड़े फिर की चोरी
MP News: मध्यप्रदेश के पांढुर्ना में संतोषी माता वार्ड और सांई धाम कॉलोनी में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 1.30 से 2.45 बजे के बीच 13 नकाबपोश डकैतों ने छह घरों में घुसकर लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। हथियारों से लैस डकैतों ने घरों में घुस कर परिवार को डराया, मोबाइल तोड़ा और लूट की। कई स्थानों पर यह नकाबपोश डकैत सीसीटीवी में कैद हुए हैं। जिसके आधार पर पुलिस डकैतों की तलाश में जुट गई है। छह घरों में लूट कर डकैत लाखों के जेवरात सहित नकदी लूट ले गए हैं। बदमाश धारदार हथियार और लोहे की रॉड से लैस थे। वारदात के बाद लोग इतनी दहशत में थे कि करीब आधा घंटे बाद पुलिस को 112 पर सूचना दी। पुलिस जब तक पहुंची बदमाश पैदल ही मौके से भाग गए।
नकाबपोश डकैतों ने गणेश डोबले, संजय चांदेकर और किरायेदार बैंककर्मी संदीप नरोलिया के मकान में सबसे पहले वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद मेडिकल स्टोर्स संचालक अमित डोंगरे के घर का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की जहां उनकी बूढ़ी मां ने बेटे को आवाज लगाकर चोरों के होने की सूचना दी थी। परिवार ने दरवाजे को अंदर से धकेलकर रखा तथा खुलने नहीं दिया। जिसके बाद डकैतों ने दरवाजे और खिड़कियों पर पत्थर फेंके। पत्थर से कांच तोड़ने के दौरान शीशा अमित को लगा जिससे वह घायल हो गए। इस चीख पुखार के बाद कॉलोनी वासी जाग गए, जिनकी आवाज सुनकर डकैत सांई मंदिर रोड की ओर भागे। मौके पर पहुंची डायल 112 ने सांई मंदिर की ओर भाग रहे डकैतों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वो भाग गए। यह घटनाएं सीसीटीवी में कैद हो गई जिसमें एक दर्जन से अधिक हथियारबंद आते जाते दिखाई दे रहे है।
डकैत संतोषी माता वार्ड में वनकर्मी सुनील यदुवंशी के घर में दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। सुनील ने बताया कि दरवाजा तोड़कर लगभग 10-15 हथियार बंद डकैत घर में घुस आए थे तथा मुझे, पत्नि और दो बच्चों को अंदर के कमरे में बंद कर दिया। यहां से एक बड़ा एक छोटा मंगलसूत्र, कान के छोटे बड़े झाले, पैर पट्टी, कमरबंद, चांदी की अंगूठी, बच्चे के गले की चैन और वेतन के 10 हजार रुपए चुराकर मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद अकेली घर में सो रही महिला कंचन पति सुनिल कौशिक के घर का दरवाजा तोड़कर डकैत घर में दाखिल हुए। जिससे महिला बुरी तरह डर गई। महिला को चुपचाप जेवर उतारकर देने के लिए कहा तो उसने जेवर दे दिए, यहां भी मोबाइल तोड़ दिया। डकैतों ने कन्या छात्रावास के पास रहने वाले मनीष शर्मा, सुभाष आहके के मकान में भी चोरी का प्रयास किया। परंतु जागने और चीख पुकार के कारण वो सफल नहीं हो पाए।
पुलिस के अनुसार रविवार दोपहर कंचन पति सुनील कौशिक और आउटसोर्स वनकर्मी संजय यदुवंशी ने पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसी तरह सांई धाम कॉलोनी निवासी गणेश डोबले ने शिकायत दर्ज कराई है, बैंककर्मी संदीप नरोलिया उज्जैन विवाह समारोह से लौटने के बाद शिकायत दर्ज कराएंगे। एसपी सुंदर सिंह कनेश ने बताया कि नकाबपोश बदमाशों ने चोरी की आशंका से कई घरों में प्रवेश किया तथा वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान वन विभाग के कर्मचारी को घायल किया है वहीं पत्थर से कांच तोड़ने के दौरान कांच एक व्यक्ति को लगा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है तथा कई टीमें रवाना की गई है। इसी तरह की वारदात अमरावती में हुई थी एक टीम अमरावती भी रवाना की गई हैं।