
Chhindwara Shopkeeper Found Dead: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में इमलीखेड़ा क्षेत्र में एक बंद दुकान के अंदर व्यापारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। व्यापारी कटनी का रहने वाला था और छिंदवाड़ा में बीज भंडार, कीटनाशक और हार्डवेयर की दुकान संचालित करता था। कटनी में रहने वाले परिजन उसे कॉल कर रहे थे लेकिन वो फोन रिसीव नहीं कर रहा था। परिजनों ने व्यापारी के दोस्त को सूचना दी, जिसके बाद दोस्त मौके पर पहुंचा तो दुकान के पीछे के कमरे में व्यापारी का शव देखा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच कर रही है।
मृतक व्यापारी की पहचान श्रीकांत पासेबंद (38) के रुप में हुई है। श्रीकांत मूल रूप से कटनी के रहने वाले थे और छिंदवाड़ा के इमलीखेड़ा में किराए की दुकान संचालित करते थे। शनिवार को कटनी में रहने वाले परिजन श्रीकांत को कॉल कर रहे थे, लेकिन श्रीकांत ने जब कॉल रिसीव नहीं किया तो परिजनों ने एक पुराने दोस्त को सूचना दी। दोस्त मौके पर पहुंचा और आसपड़ोस के लोगों की मदद से बंद दुकान का शटर उठाकर अंदर पहुंचा तो दुकान के पीछे बने कमरे में श्रीकांत को मृत पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को घटनास्थल से कोई नोट नहीं मिला है।
घटना की सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी जिसके बाद कटनी से परिजन छिंदवाड़ा पहुंचे। बताया जा रहा है कि व्यापारी श्रीकांत दो-तीन दिन पहले ही कटनी से वापस लौटे थे। उन्होंने अपनी जान क्यों दी इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव को परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।