
चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़-उदयपुर सिक्स लेन पर होड़ा चौराहे के पास गुरुवार एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक-युवती की दर्दनाक मौत हो गई। चित्तौड़गढ़ से उदयपुर की ओर जा रहे बाइक सवारों को पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों हवा में उछलकर दूर जा गिरे। युवक की मौके पर ही सांसें टूट गईं, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
यह वीडियो भी देखें
सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और भदेसर से आई 108 एम्बुलेंस के जरिए घायल युवती को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। मृतक युवक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान सरकारी शिक्षक सुरेंद्र मीणा निवासी छत्रगंज, बारां के रूप में हुई है। वहीं युवती की पहचान रवीना के रूप में हुई है।
भदेसर थाना पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं पुलिस ने भीड़ हटाकर ट्रैफिक को सुचारु कराया और सड़क पर यातायात फिर से शुरू करवाया। जानकारी के अनुसार, सुरेश मीणा भिंडर के पास खातीखेड़ा गांव के सरकारी स्कूल में लेवल-वन टीचर थे। पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी।
वहीं दूसरी तरफ स्टेट हाईवे पर कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर घायल हो गया। घायल युवक को कपासन से हायर सेंटर रेफर किया गया है। चित्तौड़गढ़-उदयपुर स्टेट हाईवे पर कपासन नगर क्षेत्र में गोकुल होटल के पास गुरुवार दोपहर बाद उदयपुर की तरफ से तेज गति से आ रही कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में कपासन निवासी 18 वर्षीय दिलखुश बंजारा पुत्र सत्तू बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस की मदद से उसे उप जिला चिकित्सालय कपासन पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर कपासन पुलिस मौके पर पहुंची और कार को डिटेन कर मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही और यातायात भी प्रभावित रहा।