चित्तौड़गढ़

Chittorgarh: ‘अब कभी घर नहीं लौटेंगे पापा’, हादसे ने छीना 2 मासूमों के सिर से पिता का साया, अंतिम विदाई में रो पड़ा पूरा गांव

चित्तौड़गढ़ जिले में मिनी बस की चपेट में आने से अभिषेक प्रजापत की मौत हो गई। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला था। पीछे 5 और 3 साल के दो बेटे व पत्नी रह गए। मासूमों को पिता के जाने का अहसास तक नहीं है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 8:25 PM IST
chittorgarh accident
अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद परिजन और ग्रामीण (पत्रिका फोटो)

चित्तौड़गढ़: गंभीरी नदी पुलिया पर मिनी बस की चपेट में आने से अभिषेक प्रजापत की मौत ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया। यह हादसा सिर्फ एक युवक की जिंदगी खत्म होने की घटना नहीं है, बल्कि दो मासूम बच्चों से उनके पिता का प्यार और एक परिवार से रोजी-रोटी का इकलौता सहारा छिन जाने की दर्दनाक कहानी भी है। अभिषेक के परिवार की पीड़ा देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

संघर्षों के बीच परिवार का सहारा बना था अभिषेक

अभिषेक की जिंदगी पहले से ही संघर्षों के बीच गुजर रही थी। उसके सिर से पिता ओमप्रकाश प्रजापत का साया बहुत पहले उठ चुका था। परिवार की जिम्मेदारियां कम उम्र में ही उसके कंधों पर आ गई थीं। वह नक्शा बनाने का काम करता था और इसी से होने वाली कमाई से पत्नी, बच्चों और परिवार का गुजर-बसर चलाता था। परिवार की आर्थिक स्थिति संभालने के लिए उसकी मां कपड़े सिलने का काम करती थीं।

5 और 3 साल के मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

अब इस परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल भविष्य का है। अभिषेक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसका बड़ा बेटा महज पांच साल का है, जबकि छोटा बेटा अभी तीन साल का है। पत्नी गृहिणी है। ऐसे में अभिषेक की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। घर में कमाने वाला मुख्य सदस्य अब नहीं रहा।

अंतिम विदाई के दौरान पूरा माहौल गमगीन हो गया। पत्नी अपने मासूम बच्चों को सीने से लगाकर बिलख पड़ीं। रोते हुए उन्होंने बच्चों से कहा, अब कभी घर नहीं लौटेंगे पापा। मां के ये शब्द सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। पति को खोने के सदमे में पत्नी बार-बार बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं, जिन्हें आसपास मौजूद महिलाओं ने संभाला। वहीं, मासूम बच्चे अपने पिता के पार्थिव शरीर से लिपटकर लगातार रोते रहे। बच्चों का विलाप और पत्नी का दर्द देखकर ग्रामीण भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। अंतिम विदाई के इस मार्मिक दृश्य ने पूरे गांव को रुला दिया।

परिजनों की गोद में बैठे रहे मासूम, पिता के जाने से अनजान

हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शुक्रवार को थाने के सामने प्रदर्शन के दौरान दोनों मासूम बच्चे परिजनों की गोद में चुपचाप बैठे थे। आसपास लोगों की भीड़ थी, परिजनों की आंखों में आंसू थे और हर तरफ अभिषेक को खोने का गम था। मगर उन दोनों बच्चों को शायद इस बात का अहसास भी नहीं था कि उनकी जिंदगी में कितना बड़ा खालीपन आ गया है।

मासूम आंखों में सवाल, अब कौन थामेगा उनका हाथ?

उनकी मासूम आंखें कभी आसपास खड़े लोगों को देखतीं तो कभी परिजनों की गोद में ही खो जातीं। उन्हें अभी यह समझने की उम्र नहीं कि पिता अब कभी घर नहीं लौटेंगे, उन्हें गोद में नहीं उठाएंगे और न ही पहले की तरह प्यार करेंगे। जिस उम्र में बच्चों को पिता की उंगली पकड़कर चलना सीखना चाहिए, उसी उम्र में उनके सिर से पिता का साया उठ गया।

अभिषेक के जाने से परिवार ने सिर्फ अपना बेटा और पति ही नहीं खोया, बल्कि बच्चों ने अपना सबसे बड़ा सहारा भी खो दिया। वहां मौजूद लोगों की जुबान पर एक ही सवाल था कि इन मासूमों का भविष्य अब कैसे संवरेगा। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को ऐसा जख्म दिया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी।

Updated on:
13 Nov 2026, 8:25 PM IST
Published on:
Also Read
View All
चित्तौड़गढ़: चुनावी रंजिश में बीजेपी जिला मंत्री पर लाठी-सरियों से हमला, सिर में गंभीर चोट; 8 लोगों पर FIR

चित्तौड़गढ़ में सरपंच चुनाव परिणाम आते ही बवाल: हार के बाद पोलिंग पार्टी पर पथराव, गाड़ियां तोड़ीं; कमरों में छिपकर बचाई जान

Dhanteras Special : चित्तौड़गढ़ के सांवलिया सेठ में अनोखा चलन, नई लाल पोथी की शुरुआत ‘सेठजी’ के नाम से करते हैं व्यापारी

राजस्थान की इस ग्राम पंचायत में लगातार 7वीं बार बिना इलेक्शन बना सरपंच, सभी वार्ड पंच भी सर्वसम्मति से चुने गए

चित्तौड़गढ़ मर्डर केस : महिला की हत्या का राज खुला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार