
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है। दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार MP के उत्तर-पश्चिमी हिस्से पर बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ बीकानेर से होते हुए कम दबाव वाले क्षेत्र तक बनी हुई है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण राजस्थान के कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है।
पिछले 24 घंटे में चित्तौड़गढ़ जिले में अतिभारी से अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गई। यहां बस्सी में सबसे ज्यादा 227 मिमी बारिश हुई। गंगरार में 205, बेगूं में 140 और निम्बाहेड़ा में 135 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कपासन में 66 मिमी बारिश हुई। उदयपुर संभाग में भी बारिश का असर देखने को मिला। सलूंबर के सेमारी में 185 मिमी, सलूंबर में 143, लसाड़िया में 133, झल्लारा में 115 और साराड़ा में 110 मिमी बारिश हुई। उदयपुर के झाड़ोल में 123 तथा पलासिया और कोटड़ा में 115-115 मिमी बारिश दर्ज हुई। जयपुर में भी बीते 24 घंटे के दौरान 46.8 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार 13 अगस्त को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।
14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश जारी रह सकती है। 15 अगस्त से उत्तरी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर कमजोर पड़ने की प्रबल संभावना है।
बस्सी, चित्तौड़गढ़—227
गंगरार—205
सेमारी, सलूंबर—185
सलूंबर—143
बेगूं—140
निम्बाहेड़ा—135
लसाड़िया, सलूंबर—133
झाड़ोल, उदयपुर—123
झल्लारा, सलूंबर—115
पलासिया, उदयपुर—115
कोटड़ा, उदयपुर—110
साराड़ा, सलूंबर—110
वेंजा, डूंगरपुर—110
चित्तौड़गढ़—109
बाकोंदा, डूंगरपुर—100
फलोज, डूंगरपुर—93
आसपुर, डूंगरपुर—80
कचोला, भीलवाड़ा—75
कपासन, चित्तौड़गढ़—66