
हिस्ट्रीशीटर से मुठभेड़ के बाद अस्पताल में मौजूद पुलिस। फोटो: पत्रिका
चित्तौडगढ़। राजस्थान के चित्तौडगढ़ जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला विशेष टीम और शंभूपुरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार अलसुबह मुठभेड़ हो गई। नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे सदर थाने के हिस्ट्रीशीटर प्रभुसिंह निवासी लालजी का खेड़ा के पैर में जवाबी कार्रवाई के दौरान गोली लग गई। घायल हिस्ट्रीशीटर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि एएसपी गजेंद्र सिंह जोधा व डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के सुपरविजन में शंभूपुरा थानाधिकारी धर्मराज मीणा और डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार की टीम ने नाकाबंदी की थी। इस दौरान संदिग्ध बाइक सवार हिस्ट्रीशीटर प्रभुसिंह ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस, 2 चले हुए खाली खोल और एक बाइक बरामद की गई है। पकड़ा गया आरोपी प्रभुसिंह अजयराज सिंह गैंग का सक्रिय सदस्य है। बीते दिनों उसने बजरी गैंगवार में मारे गए अजयराज सिंह की हत्या के आरोपियों को जान से मारने की धमकी दी थी। अजयराज हत्याकांड का आरोपी ईश्वर सिंह इन दिनों पैरोल पर बाहर है और प्रभुसिंह उसकी हत्या करने की फिराक में था। पुलिस की इस तत्परता से जिले में होने वाली संभावित बड़ी गैंगवार टल गई।
गोली लगने के बाद प्रभुसिंह को जिला हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया। उसे अलग आईसीयू में रखा गया है। अस्पताल के अंदर सुरक्षा के लिए क्यूआरटी के जवान तैनात किए गए हैं, जबकि बाहर सदर थाना पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। सदर थाना प्रभारी प्रेमसिंह भी हॉस्पिटल में मौजूद रहे। एसपी धर्मेंद्र सिंह यादव ने भी हॉस्पिटल पहुंचकर घायल आरोपी की स्थिति की जानकारी ली। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस उससे पूछताछ भी कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके साथ और कौन-कौन जुड़े थे।
हिस्ट्रीशीटर प्रभुसिंह के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, मारपीट, चोरी और आम्र्स एक्ट के करीब 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब मामले में आगे का अनुसंधान कर रही है। पुलिस टीम में डीएसटी टीम के प्रभारी एएसआई सूरज कुमार, सिपाही, देवेद्र, विरेंद्र, रामावत्तार, सुनील, दुर्गेश, हेमराज, जोगेंद्र, साहिल, व मुकेश थाना शंभूपुरा थानाधिकारी धर्मराज मीना, एएसआई महावीर कुमार, मुकेश रामकिशन, महेंद्र नैन शामिल थे।
Updated on:
01 Aug 2026 08:34 am
Published on:
01 Aug 2026 08:34 am
