
चित्तौड़गढ़। पंचायत समिति चित्तौड़गढ़ के प्रधान पद का चुनाव इन दिनों रालोप के आंदोलन को लेकर खासी चर्चा में है। पंचायत समिति की 29 सीटों में से भाजपा और कांग्रेस को 14-14 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि एक सीट रालोप के खाते में गई थी। ऐसे में एकमात्र सीट के निर्णायक होने के बीच रालोप उम्मीदवार शंकरी बाई के भाजपा को समर्थन देने से सियासी पारा चढ़ गया है। इसके पीछे विधायक पर रालोप उम्मीदवार को डराने-धमकाने के आरोप लगे। इसी मुद्दे को लेकर रालोप ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभानसिंह आक्या से उनकी उम्मीदवार को वापस लाने की मांग हुई और भाजपा पर निशाना साधा।
दूसरी ओर भाजपा की ओर से पलटवार में यह बात सामने आई कि यह पार्टी मूल्य आधारित राजनीति करती है और आरोप-प्रत्यारोप करने वाली पार्टी के कार्यकर्ताओं की भाषा से उनकी पार्टी के संस्कार झलकते हैं।
प्रधान चुनाव 27 नवंबर को प्रस्तावित है, इससे पहले 21 तारीख को विधायक आक्या की शंकरी बाई से मुलाकात और भाजपा की बाड़ाबंदी में जाने को रालोप प्रबंधन ने अनुचित ठहराया। इसके विरोध में पार्टी प्रमुख हनुमान बेनीवाल के निर्देश पर जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पर दिनभर प्रदर्शन चला। हालांकि, दिनभर चले धरने में शाम तक बेनीवाल नहीं पहुंचे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बेनीवाल से चर्चा के बाद जिला प्रभारी जाट ने पांच सदस्यीय समिति बनाकर शंकरी बाई को उप प्रधान बनाने की सहमति पर आंदोलन स्थगित करने की स्वीकृति दी। बावजूद इसके आंदोलन जारी रहा। पांच सदस्यीय दल दो बार जिला कलक्टर डॉ. मंजू से मिला। जबकि आंदोलन स्थल पर पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के आदेश पर सुरक्षा में बड़ा जाब्ता मौजूद रहा।
आंदोलन स्थगित करने की सहमति के बावजूद रालोप की युवा लॉबी शंकरी बाई को वापस लाने की मांग पर अड़ी रही। युवा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे किसी भी प्रलोभन में आए बिना अपनी उम्मीदवार की वापसी चाहते हैं। इस संबंध में जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट से संपर्क नहीं हो सका और हनुमान बेनीवाल ने भी ना फोन उठाया और ना ही संदेशों का जवाब दिया। उधर, कलक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन के दौरान रालोप कार्यकर्ताओं के मुकाबले कांग्रेस कार्यकर्ताओं, चुनाव हारे उम्मीदवारों और आम जनता की मौजूदगी अधिक देखी गई।
रालोप उम्मीदवार को न तो मैं छीनकर लाया और न ही मैंने उनके साथ कोई दुर्व्यवहार किया। वे स्वयं मेरे कार्यकर्ताओं के साथ आए गई हैं। मुझे उनकी पार्टी ने बात करने के लिए बुलाया तो मैं वहां गया। - चंद्रभानसिंह आक्या, विधायक
मुझे पूरे मामले के बारे में जानकारी नहीं है। किसी और पार्टी के बारे में कुछ नहीं कहना, बस इतना जानता हूं कि कार्यकर्ताओं की भाषा पार्टी के संस्कार बताती है। -रतनलाल गाडरी, जिला अध्यक्ष, भाजपा