चित्तौड़गढ़

Chittorgarh Pradhan Result: कांग्रेस के बहुमत के बावजूद भैंसरोडगढ़ में निर्दलीय तनु जैन ने मारी बाजी, देखें सभी 11 प्रधानों का रिजल्ट

चित्तौड़गढ़ में प्रधान चुनाव के दौरान कहीं एक वोट ने भाजपा की हैट्रिक लगवा दी तो कहीं बहुमत के बावजूद कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा। भैंसरोड़गढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी की जीत ने सियासी समीकरण बदल दिए। जानिए जिले की पंचायत समितियों में किस पार्टी का प्रधान बना और कहां कौन रहा विजयी।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:38 PM IST
Tanu Jain
Chittorgarh: जीत के बाद तनु जैन का स्वागत करते लोग (फोटो-पत्रिका)

चित्तौड़गढ़। जिले में 11 पंचायत समिति प्रधान चुनाव के नतीजों में कांग्रेस और भाजपा के बीच बड़ी टक्कर देखने को मिली। बड़ीसादड़ी में कांग्रेस की अजिता शर्मा ने स्पष्ट बहुमत के साथ जीत दर्ज की, जबकि बेगूं में कांग्रेस के शंकरलाल गुर्जर ने पार्टी के सभी 9 सदस्यों को एकजुट रखकर प्रधान की कुर्सी हासिल की। राशमी में भाजपा की नाराणी देवी भील ने महज एक वोट से जीत दर्ज कर पार्टी को लगातार तीसरी बार प्रधान पद दिलाया। वहीं भैंसरोड़गढ़ में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद बड़ा उलटफेर हुआ और भाजपा के समर्थन से निर्दलीय तनु जैन प्रधान बन गईं। जिले में कपासन पंचायत समिति में कांग्रेस के दिनेश चन्द निर्विरोध निर्वाचित हुए।

भैंसरोड़गढ़ का चुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में रहा। यहां कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद पार्टी की गुटबाजी का फायदा निर्दलीय प्रत्याशी तनु जैन को मिला। तनु जैन को 10 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी ज्योत्सना कंवर को 5 वोट ही मिल सके। दूसरी ओर राशमी में भाजपा की नाराणी देवी ने कांग्रेस की पुष्पा देवी को 8-7 से हराया। बड़ीसादड़ी में कांग्रेस की अजिता शर्मा ने भाजपा की सुमित्रा मेनारिया को 14-3 से शिकस्त दी। बेगूं में शंकरलाल गुर्जर को 9 वोट मिले और भाजपा प्रत्याशी चंदन बाला धाकड़ को हार का सामना करना पड़ा।

पंचायत समिति प्रधान चुनाव: प्रत्याशी और विजेता

पंचायत समितिभाजपा प्रत्याशीकांग्रेस प्रत्याशीअन्य पार्टी/निर्दलीयकौन जीते
बड़ीसादड़ीसुमित्राअजिता शर्मा—अजिता शर्मा (कांग्रेस)
बेगूंचंदन बालाशंकरलाल—शंकरलाल गुर्जर (कांग्रेस)
भदेसरमांगी बाईहर लाल—मांगी बाई (BJP)
भैंसरोड़गढ़—ज्योत्सना कंवरतनु जैन (निर्दलीय)तनु जैन (निर्दलीय)
भूपालसागरश्वेता विजयवर्गीयमोहन लाल जाट—मोहन लाल जाट (कांग्रेस)
चित्तौड़गढ़भंवर सिंहचरण सिंह—भंवर सिंह (BJP)
डूंगलागहरी लालगीता—गीता (कांग्रेस)
गंगरारकैलाश देवीकाली—कैलाश देवी (BJP)
कपासन—दिनेश चन्द—दिनेश चन्द (निर्विरोध)
निम्बाहेड़ापारस कुंवरउदी बाई जाट—उदी बाई जाट (कांग्रेस)
राशमीनाराणीपुष्पा—नाराणी देवी (BJP)

राशमी पंचायत समिति में भाजपा की हैट्रिक

राशमी पंचायत समिति के प्रधान पद पर शुक्रवार को हुए चुनाव में भाजपा की नाराणी देवी भील एक मत के अंतर से निर्वाचित हो गईं। इस जीत के साथ ही भाजपा ने लगातार तीसरी बार प्रधान पद पर काबिज होकर हैट्रिक बना ली है। पंचायत समिति सभागार में आयोजित मतदान में कुल 15 सदस्यों ने वोट डाले। एसटी वर्ग के लिए आरक्षित प्रधान पद के लिए भाजपा से वार्ड संख्या 5 की सदस्य नाराणी देवी भील और कांग्रेस से वार्ड संख्या 6 की सदस्य पुष्पा देवी भील ने नामांकन भरा था। मतगणना में नाराणी देवी को 8 और पुष्पा देवी को 7 मत मिले। जीत की घोषणा होते ही पहुंना कस्बे सहित क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर जश्न मनाया। उपखंड अधिकारी अंजु शर्मा ने नवनिर्वाचित प्रधान नाराणी देवी भील को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर पद की शपथ दिलाई।