चित्तौड़गढ़

चित्तौड़गढ़: सांवलिया सेठ के दरबार में अनोखी आस्था, संकट टला तो भक्त ने चढ़ाई चांदी की हथकड़ी

Sanwaliya Seth Temple: चित्तौड़गढ़ में सांव​लिया सेठ के दरबार में भक्तों की अनूठी आस्था के कई रूप देखने को मिलते हैं। भक्त अपनी आस्था के अनुसार मंदिर में उपहार स्वरूप कई तरह की कीमती वस्तुएं भेंट करते हैं।

2 min read
Sanwaliya Seth Temple,Chittorgarh
Photo: Patrika

Sanwaliya Seth Temple: चित्तौड़गढ़ में सांव​लिया सेठ के दरबार में भक्तों की अनूठी आस्था के कई रूप देखने को मिलते हैं। भक्त अपनी आस्था के अनुसार मंदिर में उपहार स्वरूप कई तरह की कीमती वस्तुएं भेंट करते हैं। लेकिन मंगलवार को प्राकट्य स्थल मंदिर में एक ऐसा अनोखा नजारा देखने को मिला जिसने सबको हैरान कर दिया। एक भक्त ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर सांवरिया सेठ को सोने-चांदी के पारंपरिक आभूषणों के बजाय चांदी की हथकड़ी ही भेंट कर दी।

यह है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के प्राकट्य स्थल सांवलिया जी मंदिर में मंगलवार को एक श्रद्धालु पहुंचा और उसने मंदिर मंडल के पदाधिकारियों को करीब 50 ग्राम चांदी से निर्मित एक हथकड़ी सौंपी। इस अजीबोगरीब उपहार को देखकर एकबारगी वहां मौजूद सभी लोग दंग रह गए। पूछताछ में भक्त ने अपनी पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि वह किसी कानूनी मामले में फंस गया था और उसके जेल जाने की पूरी आशंका थी। संकट की इस घड़ी में उसने सांवरिया सेठ से मन्नत मांगी कि यदि वह इस मुसीबत से बच गया, तो भगवान को हथकड़ी चढ़ाएगा।

इस संकट से बच निकलने के बाद अब भक्त ने अपनी मन्नत पूरी होने पर उसने स्थानीय स्वर्णकार से विशेष रूप से चांदी की यह हथकड़ी तैयार करवाई और सांवरिया सेठ मंदिर में ठाकुरजी के चरणों में अर्पित कर दी। इस अनोखी भेंट के बाद मंदिर मंडल की ओर से भक्त को भगवान का प्रसाद देकर उसका स्वागत किया गया। पूरे क्षेत्र में इस अनूठी मन्नत और भेंट की चर्चा बनी हुई है।

चढ़ावे में मिली अजीबोगरीब भेंट

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में स्थित सांवलिया सेठ मंदिर अपने चमत्कारों और अपार चढ़ावे के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।
भक्त अपनी मनोकामनाएं पूरी होने पर कई अनोखी और अजीबोगरीब चीजें भी भगवान को भेंट करते हैं। अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर एक व्यापारी ने प्रतीक स्वरूप चांदी का पेट्रोल पंप भेंट किया।

एक भक्त ने भगवान को चांदी से निर्मित जेसीबी भेंट की। एक भक्त ने अपनी सफल हार्ट सर्जरी (हृदय की सर्जरी) होने पर आभार व्यक्त करते हुए वजनी चांदी का दिल चरणों में अर्पित किया। एक भक्त ने मन्नत पूरी होने पर चांदी की पिस्तौल और गोलियां तक भगवान को भेंट की गई हैं।

Published on:
03 Jun 2026 09:00 am