
Chittorgarh Zila Pramukh : चित्तौड़गढ़. पूर्ण बहुमत के बावजूद कांग्रेस में जिला परिषद का प्रमुख बनाने की कवायद चुनौतीपूर्ण हो गई है। वहीं बहुमत वाली पंचायत समितियों में भी प्रधान की दावेदारी और सेंधमारी ने कांग्रेस नेताओं की नींद उड़ा रखी है। 25 नवम्बर को जिला प्रमुख, 26 नवम्बर को जिला उप प्रमुख व 27 नवंबर को प्रधान का चुनाव है। इस काउंटडाउन में सेंधमारी और पहरेदारी दोनों दलों को भारी पड़ने लगी है। बाड़ाबंदी की जगह तलाशना और सेंधमारी की योजना को मूर्त रूप देने में पहरेदारी मशक्कत भरी हो गई है। पहरेदारी मजबूत होने के बावजूद भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही विजयी उम्मीदवारों के ठिकाने बार-बार बदल रहे हैं।
गौरतलब है कि चित्तौड़गढ़ जिला परिषद की कुल 35 में से 28 सीटों पर विजय हासिल कर कांग्रेस जिला प्रमुख की दावेदार है, लेकिन एक पद के लिए कई दावेदारों की मौजूदगी पार्टी के लिए मुसीबत भरी हो गई है। सामान्य वर्ग महिला के लिए आरक्षित जिला प्रमुख की सीट अन्य वर्गों के लिए भी खुली है। इसलिए कांग्रेस से इसकी दावेदारी ओबीसी वर्ग की रतनी देवी पत्नी बद्री जाट भी कर रही है। जबकि आरक्षित वर्ग के मायने पर मंजू पत्नी गिरधारीलाल जागेटिया की बड़ी दावेदारी है। इनके बीच पिंटू जाट ने भी जिला प्रमुख की दावेदारी कर दी है। इनके बीच से एक नाम तय करने में पार्टी को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। इधर कांटा जोड़ वाली पंचायत समितियों की पहरेदारी भी कांग्रेस की मुसीबत बनी हुई है।
सामान्य महिला के लिए आरक्षित सीट पर अन्य वर्ग की महिला भी चुनाव लड़ सकती है। यह चुनाव दलगत राजनीति का हिस्सा है, इसलिए जिला प्रमुख के लिए पार्टी का सिम्बल आवश्यक है। तीन की दावेदारी में यदि पार्टी के निर्णय से कोई नाराज हो जाता है तो वह बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ सकता है। बस यहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मुसीबत बढ़ रही है।
दरअसल दोनों पूर्व विधायक सुरेंद्रसिंह जाड़ावत व उदयलाल आंजना जिला प्रमुख के लिए आपसी समझौते से एक नाम तय करेंगे। इस पर ऑब्जर्वर टीम का ठप्पा लगेगा, लेकिन मंजू देवी और रतनी देवी दोनों की मजबूत दावेदारी में से किसी एक के बगावती होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
एक-एक सीट से जीत-हार वाली पंचायत समितियों में दोनों दलों के लिए पहरेदारी मुसीबत बनी हुई है। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के टाई मैच में रालोप (राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी) की भूमिका खासी चर्चा में है। वहीं बेगू, गंगरार व राशमी पंचायत समितियों में एक-एक सीट का खेल है। यहां सेंधमारी की बड़ी संभावना को देखते हुए सभी विजयी उम्मीदवार बाड़ाबंदी में हैं, जिनके बार-बार ठिकाने बदले जा रहे हैं।
चुनाव: 25 नवंबर 2026
नामांकन: सुबह 10 से 11 बजे तक
मतदान: दोपहर 3 से 5 बजे तक
मतगणना व परिणाम: मतदान के तुरंत बाद
मतदान स्थल: जिला परिषद सभा कक्ष।