चित्तौड़गढ़

राजस्थान: IAS अधिकारी पर मां का गंभीर आरोप, संपत्ति के लिए प्रताड़ना, जान से मारने की धमकी

चित्तौड़गढ़ शहर की मधुबन कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय रेखा पत्नी स्वर्गीय अमरेंद्र बहादुर सिंह ने न्यायालय में अपने उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस बेटे और बहू के खिलाफ परिवाद दायर किया है। मां ने परिवाद में बताया, उनका बड़ा पुत्र अभय सिंह और उसकी पत्नी माधवी उन्हें मानसिक-शरीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
less than 1 minute read
Chittorgarh IAS harassment case
मां ने आईएएस बेटे पर लगाए गंभीर आरोप (फोटो-एआई)

चित्तौड़गढ़: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ शहर से एक मामला सामने आया है। जहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग मां ने अपने ही आईएएस बेटे और बहू के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

बता दें कि चित्तौड़गढ़ जिले की मधुबन कॉलोनी में रहने वाली रेखा सिंह (70 वर्ष) जो स्वर्गीय अमरेंद्र बहादुर सिंह की पत्नी हैं, उन्होंने अपने बड़े बेटे अभय सिंह और बहू माधवी के खिलाफ न्यायालय में परिवाद (शिकायत) दर्ज कराया है। उल्लेखनीय है कि अभय सिंह उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं।

संपत्ति के लिए प्रताड़ना का आरोप

रेखा सिंह ने परिवाद में आरोप लगाया है कि उनके पति की मृत्यु 2021 में हो गई थी, जिसके बाद से वे चित्तौड़गढ़ में अपने घर में अकेली रह रही हैं। उनका बेटा और बहू उन्हें लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।

शिकायत के अनुसार, 1 जनवरी 2026 को अभय सिंह और उनकी पत्नी माधवी चित्तौड़गढ़ आए। उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और संपत्ति को अपने नाम करने का दबाव बनाया। इस दौरान वे घर से संपत्ति के महत्वपूर्ण दस्तावेज छीनकर अपने बैग में भर ले गए।

जान से मारने की धमकी

मां का आरोप है कि अगले दिन यानी 2 जनवरी को दोनों फिर से आए और धमकी दी कि यदि उन्होंने संपत्ति उनके नाम नहीं की, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।

अपने ही बेटे से जान का खतरा महसूस करते हुए बुजुर्ग महिला ने कानूनी रास्ता अपनाने का फैसला किया। उन्होंने न्यायालय के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई है और सुरक्षा की मांग की है। फिलहाल, मामले की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

Published on:
07 May 2026 02:03 pm