Chittorgarh News: चित्तौड़गढ़ के पारसोली श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों के हमले से भगदड़ मच गई। जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। PPE किट पहनकर किया गया अंतिम संस्कार।
Chittorgarh News: आपने कहीं तरह की घटना सुनी होगी पर ये एक ऐसी घटना है जिसमें जिस वजह से मौत हुई, वो वजह अन्तिम संस्कार में भी रोड़ा बन गई। चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं क्षेत्र स्थित पारसोली श्मशान घाट में बुधवार दोपहर एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। जहां एक बुजुर्ग के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आपको बता दें, बुजुर्ग की मौत भी मधुमक्खियों के काटने से ही हुई थी।
आपको जानकार हैरानी होगी की 80 वर्षीय जमनेश नामक बुजुर्ग की मौत एक दिन पहले मधुमक्खियों के काटने से हुई थी। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाना था। जैसे ही परिजन और गांव के करीब 40-50 लोग श्मशान घाट में इकट्ठा हुए और अग्नि देने की तैयारी चल रही थी, तभी मधुमक्खियों ने फिर से हमला बोल दिया। इस दौरान कई लोग जमीन पर गिर पड़े, जबकि कुछ पेड़ों की ओट में छिप गए और कई लोग श्मशान से बाहर खुले मैदान की ओर भागे।
इस हमले में करीब 40 से 50 लोग घायल हो गए। इनमें से कई को हल्की चोटें आईं, जबकि कुछ की हालत गंभीर हो गई। पांच गंभीर घायलों को चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान भवानी शंकर (75) नामक बुजुर्ग की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज पारसोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया। उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया और तहसीलदार गोपाल जीनगर मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर चिकित्सा विभाग की टीम की निगरानी में कुछ लोगों को PPE किट पहनाकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सतर्क रहें और ये अचानक होने वाली घटनाएं इनमें सावधानी बरतें।