
चित्तौडग़ढ़।
पुलिस की विशेष टीम ने बुधवार शाम शहर के एक होटल पर छापा मारकर सट्टा खेलते हुए छह जनों को गिरफ्तार कर 65 हजार रुपए जब्त किए। गिरफ्तार किए गए लोगों में कांग्रेस जिला महामंत्री दीपक पटवारी भी शामिल है। हालांकि कांग्रेस ने पटवारी के अब पार्टी में सक्रिय नहीं होने का दावा किया है।
पुलिस ने बुधवार शाम होटल पर छापा मारा। पुलिस ने सट्टा खेलने के आरोप में शहर के गांधीनगर सेक्टर एक निवासी दीपक पटवारी, पावटा चौक हजारेश्वर महादेव क्षेत्र निवासी हेमंत गांछा, गांधीनगर के रघुराज राजोरा, उपरला पाड़ा बापू बस्ती निवासी चंद्रशेखर वाल्मीकि, गांधी चौक सुराणा गली निवासी कमलेश सोमानी तथा उपरला पाड़ा निवासी सुनील माहेश्वरी को गिरफ्तार किया।
सक्रिय नहीं था पार्टी में
दीपक पटवारी जिला महामंत्री पद पर तो था, लेकिन लंबे समय से संगठन में सक्रिय नहीं है। पिछली दो बैठक में नहीं आने वाले को पद से हटाने का भी प्रावधान है। पटवारी को सट्टा खेलते पकड़े जाने की जानकारी नहीं है। ऐसा हुआ है तो पार्टी उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगी।
मांगीलाल धाकड़, कांग्रेस जिलाध्यक्ष, चित्तौडग़ढ़
... और इधर, स्कूल में छात्र-छात्राओं की पिटाई
पारोली (भीलवाड़ा)।
गोलबड़ी के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक ने कक्षा सातवीं और आठवीं के आधा दर्जन छात्र-छात्राओं की मंगलवार को पिटाई कर दी। घटना का पता बुधवार सुबह तब चला, जब विद्यार्थियों ने स्कूल जाने में आनाकानी की।
बुधवार सुबह आठवीं के छात्र राजेंद्र सिंह पुत्र शिव सिंह, आशा कंवर पुत्री भैरू सिंह दरोगा, अन्नू कंवर पुत्री राजू दरोगा, खुशी कंवर, दीपेंद्र सिंह आदि विद्यार्थियों ने स्कूल जाने से मना कर दिया। अभिभावकों ने वजह पूछी तो विद्यार्थियों ने बताया कि शिक्षक कृष्णगोपाल वर्मा ने उन्हें डंडे से पीटा। इस कारण वे चल नहीं पा रहे हैं। इसके बाद अभिभावकों ने अपने बच्चों के पैरों पर चोट के निशान देखे।
इस पर ग्रामीण और अभिभावक सरपंच रेखा कंवर कानावत और पूर्व सरपंच गोपाल सिंह कानावत के पास पहुंचे। वहां छात्र छात्राओं को समझाइश कर स्कूल भेजा। मारपीट से गुस्साए परिजन स्कूल पहुंचे। शिक्षक वर्मा को खरी खोटी सुनाई। शिक्षक कृष्ण गोपाल ने भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात कही। साथ ही मारपीट की घटना को लेकर खेद जताया। शिक्षक ने कहा, छात्र-छात्राओं से गणित के सवाल पूछे थे लेकिन ये नहीं बता पाए तो गुस्से में मारपीट कर बैठा। पूर्व सरपंच कानावत ने मामला शांत करवाया।